भ्रष्ट हो गई है आम आदमी पार्टी, PM मोदी के नेतृत्व पर हमें भरोसा: पढ़ें- AAP से इस्तीफा देते हुए क्या-क्या बोले राघव चड्ढा

आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने AAP छोड़ने और भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने का ऐलान कर दिया है। दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ मौजूद राघव चड्ढा ने कहा कि उन्होंने और राज्यसभा में AAP के दो-तिहाई सांसदों ने पार्टी छोड़कर BJP में शामिल होने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि राज्यसभा में AAP के कुल 10 सांसद हैं, जिनमें से 7 उनके साथ हैं।

राघव चड्ढा ने अपने फैसले को लेकर कहा, “हमने यह फैसला किया है कि हम, यानी राज्यसभा में AAP के दो-तिहाई सदस्य, भारत के संविधान के प्रावधानों का इस्तेमाल करते हुए खुद को BJP में मिला लेंगे।”

मै गलत पार्टी में सही आदमी : राघव चड्ढा

उन्होंने पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “जिस AAP को मैंने अपने खून-पसीने से सींचा और अपनी जवानी के 15 साल दिए, वह अब अपने सिद्धांतों, मूल्यों और मूल नैतिकता से भटक गई है। अब यह पार्टी देश के हित में नहीं, बल्कि अपने निजी फायदे के लिए काम करती है।”

उन्होंने कहा, “पिछले कुछ सालों से, मुझे यह महसूस हो रहा था कि मैं गलत पार्टी में सही आदमी हूँ। इसलिए, आज हम यह घोषणा करते हैं कि मैं AAP से खुद को अलग कर रहा हूँ और जनता के करीब जा रहा हूँ।”

इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की खुलकर तारीफ की। राघव चड्ढा ने कहा “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, सरकार ने कई ऐसे मजबूत फ़ैसले लिए हैं जिन्हें लेने में शायद पहले के नेता हिचकिचाते थे, चाहे वह आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकना हो या भारत को दुनिया की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करना।”

उन्होंने कहा, “जनता ने इस नेतृत्व का समर्थन एक बार नहीं, दो बार नहीं बल्कि तीन बार किया है। हम सभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प के साथ काम करने को अपना सौभाग्य मानते हैं, और हम देश के लिए अथक परिश्रम करते रहेंगे।”