असम TMC अध्यक्ष अभिजीत मजूमदार का इस्तीफा, बोले- तृणमूल अब सिर्फ मुस्लिमों की पार्टी: हिंदुओं की अनदेखी और बांग्लादेशियों के प्रति झुकाव का लगाया आरोप

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) के भीतर असंतोष लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। अब असम TMC के प्रदेश अध्यक्ष अभिजीत मजूमदार ने पार्टी से इस्तीफा देते हुए आरोप लगाया है कि TMC अब केवल मुस्लिमों के लिए काम करने वाली पार्टी बन गई है।

उन्होंने शुक्रवार (29 मई 2026) को पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को ई-मेल के जरिए अपना इस्तीफा भेज दिया। अभिजीत मजूमदार ने प्रदेश अध्यक्ष पद के साथ-साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया।

मजूमदार ने कहा, “स्थापना के समय से मैं असम तृणमूल कॉन्ग्रेस का सदस्य और सचिव था। इसके अलावा TMC मीडिया सेल का प्रमुख रहा और इस बार गुवाहाटी से चुनाव भी लड़ा। कोई भी हिंदुत्व मानने वाला व्यक्ति TMC में नहीं रह सकता। अब TMC का मतलब ‘तृणमूल मुस्लिम कॉन्ग्रेस’ हो गया है।”

उन्होंने आगे कहा, “पार्टी छोड़ने का एक और कारण है। असम में बांग्लादेशी और मुस्लिम लोगों पर पार्टी का ज्यादा झुकाव है। हिंदुओं पर पार्टी के नेता कभी नहीं बात करते हैं। मैं हिंदू हूँ और मेरी विचारधारा है, इसलिए पार्टी में रहना उचित नहीं है।” असम में TMC के भविष्य पर सवाल खड़ा करते हुए उन्होंने कहा कि अब असम में TMC को पूछने वाला कोई नहीं है।

बता दें कि बंगाल में TMC लगातार दबाव का सामना कर रही है। विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत और शुभेंदु अधिकारी की अगुवाई में सरकार बनने के बाद पार्टी के कई पार्षद और स्थानीय नेता पार्टी छोड़ चुके हैं, वहीं TMC नेताओं के खिलाफ विभिन्न मामलों में कार्रवाई भी जारी है।