करूर भगदड़ मामले में एक्टर जोसेफ विजय की पार्टी का नेता गिरफ्तार: FIR में कई दूसरे पदाधिकारियों के भी नाम, हादसे में 41 लोगों की हुई मौत

तमिलनाडु के करूर में तमिल अभिनेता और TVK प्रमुख जोसेफ विजय चंद्रशेखर की रैली में हुए भगदड़ को लेकर मथियाझागन नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। वह TVK का जिला सचिव है। उस पर हत्या, गैर इरादतन हत्या और लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

इस मामले में नामजद एफआईआर में पार्टी के राज्य महासचिव बुस्सी एन आनंद, संयुक्त सचिव सीटीआर निर्मल कुमार का नाम शामिल है। हालाँकि एक्टर विजय थलपति का नाम इसमें शामिल नहीं है। हालाँकि एफआईआर में कहा गया है कि विजय जानबूझकर रैली में देर से आए। 4 घंटे की देरी की वजह से भीड़ काफी बढ़ गई। वह कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने के बाद भी अपनी कार में बैठे रहे। उन्होंने बगैर परमीशन लिए रोड शो किया। पार्टी पदाधिकारियों पर आरोप है कि उन्होंने भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश नहीं की।

विजय की करूर में हुई चुनावी रैली में मची भगदड़ से मरने वालों की संख्या 41 हो गई है। मरने वालों में 18 महिलाएँ, 13 पुरुष और 10 बच्चे शामिल हैं। वहीं करीब 95 लोग घायल हैं, जिनमें से 51 की हालत गंभीर है और वे ICU में भर्ती हैं।

अब विजय की पार्टी TVK ने इस हादसे को साजिश बताया है और मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। TVK के वकील अरिवझगन ने कहा कि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी और CCTV फुटेज के आधार पर ये साफ है कि यह घटना सत्ताधारी पार्टी DMK के कुछ नेताओं की साजिश थी।