‘दोबारा घुसा देंगे गुफा में’: अफगानिस्तान से शांति वार्ता फेल होने पर पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने दी धमकी, तालिबान को कहा- हमला किया तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने शांति वार्ता विफल होने के बाद अफगानी तालिबान को खत्म करने की धमकी दी है। उन्होंने कहा है कि यदि अफगानिस्तान की धरती से पाकिस्तान में आतंकवादी हमले जारी रहे, तो तोरा बोरा जैसी घटना दोहराई जाएगी।

तुर्की में चार दिवसीय शांति वार्ता के विफल होने के बाद पाकिस्तान का बयान आया। आसिफ ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “जहाँ तक ​​साम्राज्यों के कब्रिस्तान की बात है, पाकिस्तान साम्राज्य होने का दावा नहीं करता, लेकिन अफगानिस्तान निश्चित रूप से अपने ही लोगों के लिए एक कब्रिस्तान है।”

तोरो बोरा की घटना क्या थी ?

तालिबान अफगानिस्तान में कब्जे के लिए सालों तक अमरिका, रूस आदि देशों से लड़ता रहा है। इस दौरान तालिबानी टोरा-बोरा की पहाड़ियों पर छिपे हुए थे। पाकिस्तान ने इसका उल्लेख करते हुए कहा है कि उन्हें फिर से तोरा-बोरा की पहाड़ियों में छिपने के लिए मजबूर कर दिया जाएगा। पाकिस्तान का कहना है कि वह शांति वार्ता के लिए आया था, लेकिन ‘अफगानी बयानबाजी’ की वजह से सफल नहीं हो सका।

पाकिस्तान का कहना है कि उसे अफगानिस्तान में तालिबानी शासन को खत्म करने के लिए हथियारों के इस्तेमाल की जरूरत नहीं पड़ेगी। अगर पाकिस्तान में किसी आतंकी हमले में अफगानी तालिबान का नाम आता है तो इसके नतीजे भुगतने के लिए वह तैयार रहे।

पाकिस्तान के मंत्री का कहना है कि उन्होंने ‘दोस्त देशों’ के अनुरोध पर शांति के लिए बातचीत शुरू की, लेकिन कुछ अफगान अधिकारियों के जहरीले बयान तालिबान के इरादे स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं।

रक्षा मंत्री आसिफ ने चेतावनी दी कि इस्लामाबाद भविष्य में किसी भी आतंकी कार्रवाई का पूरी ताकत से जवाब देगा। उन्होंने कहा, “मैं उन्हें आश्वस्त करना चाहता हूँ कि तालिबान शासन को पूरी तरह से मिटाने और उन्हें वापस गुफाओं में धकेलने के लिए पाकिस्तान को अपने पूरे शस्त्रागार का एक अंश भी इस्तेमाल करने की ज़रूरत नहीं है।” “अगर वे ऐसा चाहते हैं, तो तोरा बोरा में उनकी दुम दबाकर की गई हार के दृश्यों की पुनरावृत्ति निश्चित रूप से देखने लायक तमाशा होगी।”

उन्होंने तालिबान पर अपनी ‘युद्ध अर्थव्यवस्था’ को बचाए रखने के लिए जानबूझकर अफ़ग़ानिस्तान को अस्थिर करने का आरोप लगाया।