US से सीजफायर के बाद भी मिसाइल-ड्रोन दाग रहा है ईरान, कुवैत-UAE-बहरीन में किए हमले: तेल संयंत्र से लेकर पावर स्टेशन तक को कर रहा टारगेट

ईरान और अमेरिका के दो हफ्ते के सीजफायर की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद, कई खाड़ी देशों ने अपने इलाकों पर मिसाइल और ड्रोन हमलों की जानकारी दी है।

यूनाइटेड अरब अमीरात ने कहा कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने ईरानी मिसाइलों और ड्रोन को इंटरसेप्ट किया।

यूएई के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, देश भर के अलग-अलग इलाकों में सुनाई देने वाले धमाकों की आवाजें एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा इंटरसेप्ट करने की वजह से हुईं हैं। इसने बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और अनमैन्ड एरियल व्हीकल को इंटरसेप्ट किया।

कुवैत ने भी ईरानी हमले का दावा करते हुए कहा कि उसकी एयर डिफेंस सिस्टम ने सीजफायर के बाद लॉन्च किए गए ईरानी ड्रोन की एक लहर को इंटरसेप्ट किया।

कुवैती आर्मी के मुताबिक, ईरानी ड्रोन ने तेल प्लांट, पावर स्टेशन और पानी की सफाई वाले प्लांट को निशाना बनाया, जिससे इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुँचा।

कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने ईरानी हमलों का मुकाबला किया और कुल 28 ड्रोन को निपटाया।

मंत्रालय के मुताबिक “कुवैती सेना ने बड़ी संख्या में ड्रोन को रोका, जिनमें से कुछ ने देश के दक्षिण हिस्से के तेल प्लांट और पावर स्टेशन को निशाना बनाया गया था।”

बहरीन के गृह मंत्रालय ने भी ईरान के साथ सीज़फ़ायर की घोषणा के कुछ घंटों बाद ईरानी हमलों की जानकारी दी है। बहरीन का कहना है कि इस हमले में उसके दो लोग घायल हो गए।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “ईरानी ड्रोन के इंटरसेप्शन से गिरे छर्रों की वजह से सित्रा इलाके में दो नागरिकों को मामूली चोटें आईं और कई घरों को नुकसान पहुँचा।”

वहीं ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी ने जानकारी दी है कि उसके लावन रिफाइनरी में धमाका हुआ है। सीजफायर लागू होने के बाद ईरान में यह पहला धमाका है।