‘हम देख लेंगे तुमने किसे वोट दिया’: मतदान से पहले वोटरों को धमका रहे TMC के ‘गुंडे’, ममता बनर्जी को वोट देने का डाला दबाव; Video वायरल

पश्चिम बंगाल में मतदान की तारीख नजदीक है। ऐसे में सत्ताधारी तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) के गुंडों द्वारा वोटरों को डराने-धमकाने की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक TMC समर्थक लोगों को खुलकर धमकी देता नजर आ रहा है। वीडियो में वह लोगों से कह रहा है कि उन्हें चुनाव में TMC को ही वोट देना होगा और यह भी कह रहा है कि उन्हें पता चल जाएगा कि किसने किस पार्टी को वोट दिया है।

वह कहता है, “सुबह जाकर अपना वोट डालना। तुम्हारा नाम वोटर लिस्ट में है। ध्यान रखना कि वोट TMC को ही देना है। हम देख लेंगे कि तुमने कहाँ वोट दिया। तुमने EVM में कौन-सा बटन दबाया, हमें सब पता चल जाएगा। नतीजे आने के बाद हमें सब जानकारी मिल जाएगी।”

यह वीडियो सबसे पहले आरामबाग टीवी के पत्रकार शफीकुल इस्लाम ने शेयर किया था। इसके बाद इसे कई सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी तेजी से पोस्ट किया गया और देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया।

इस महीने की शुरुआत में भी एक ऐसा ही वीडियो सामने आया था, जिसमें बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बहारामपुर विधानसभा में एक TMC समर्थक वोटरों को इसी तरह धमकाता हुआ दिखा था। वह घर-घर जाकर लोगों से कह रहा था कि वे BJP को वोट न दें। उसने लोगों को डराने के लिए झूठ भी बोला कि वोटिंग कैमरे में रिकॉर्ड होगी और अगर उन्होंने TMC को वोट नहीं दिया तो उसे पता चल जाएगा।