ओवरटेक करने पर रिजवान ने हिंदू युवक की चाकू मारकर हत्या की, स्थानीय लोगों के विरोध प्रदर्शन के बाद कातिल गिरफ्तार: अहमदाबाद के धंधुका का मामला

अहमदाबाद के धंधुका में सांप्रदायिक तनाव का मामला सामने आया। नसीब सोसाइटी इलाके में सड़क पर गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर रिजवान ने हिंदू युवक धर्मेश भरवाड़ की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपित रिजवान को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोप है कि रिजवान नाम के व्यक्ति ने मामूली कहासुनी के बाद धर्मेश पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद पूरे धंधुका में गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए। धर्मेश की मौत की खबर मिलते ही स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए।

आक्रोशित भीड़ ने धंधुका के कई इलाकों में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान गुस्साए लोगों ने सड़कों पर खड़े वाहनों को आग के हवाले कर दिया और दुकानों में तोड़फोड़ की। धंधुका सर्कल और आसपास के इलाकों में माहौल इतना खराब हो गया कि प्रशासन को भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

पुलिस ने आरोपित को दबोचा, सुरक्षा सख्त

हालात बिगड़ते देख अहमदाबाद जिला पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुँचे। पुलिस ने मुख्य आरोपित रिजवान को गिरफ्तार कर लिया है। दमकल विभाग ने जलते हुए वाहनों की आग पर काबू पाया।

पुलिस का दावा है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और भीड़ को हटा दिया गया है। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।