मोहम्मद दीपक की ‘कंगाली’ दूर करने को एक्टिव हुआ फिर लिबरल गैंग, चंदा दिलाने जिम पहुँच गए अजीत अंजुम: AAP सांसद संजय सिंह ने भी लुटाए ₹50 हजार

प्रोपेगेंडा के वरिष्ठ पत्रकार अजीत अंजुम एक बार फिर चर्चा में हैं। उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट डालकर ‘मोहम्मद दीपक’ के नाम से मशहूर हुए दीपक कुमार के लिए दोबारा चंदा जुटाने का अभियान शुरू किया है। कोटद्वार पहुँचे अजीत अंजुम ने दीपक के जिम से Video बनाकर लोगों से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।

अजीत अंजुम ने सोशल मीडिया पर Video शेयर कर बताया कि वह इस वक्त उत्तराखंड के कोटद्वार में दीपक कुमार के जिम में मौजूद हैं। यह वही दीपक कुमार हैं, जिन्होंने कुछ समय पहले एक मुस्लिम दुकानदार को कथित तौर पर दक्षिणपंथी संगठन के कार्यकर्ताओं से बचाया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें ‘मोहम्मद दीपक’ का नाम दिया गया था। अंजुम का कहना है कि दीपक की माली हालत बहुत खराब है, इसलिए वह उनका साथ देने सीधे ग्राउंड पर पहुँचे हैं।

ढाई लाख का किराया बाकी, जिम में नहीं आ रहे लोग

अजीत अंजुम ने Video में दावा किया कि अखबारों की खबरों से उन्हें पता चला कि दीपक पिछले 4-5 महीनों से अपने जिम का किराया नहीं दे पाए हैं। मकान मालिक का करीब ढाई लाख रुपए का किराया बाकी है। अजीत अंजुम ने कहा कि विवाद के बाद से जिम में आने वाले लोगों की संख्या बहुत कम हो गई है। पहले जहाँ सुबह-शाम 70 से 90 लोग आते थे, वहीं अब गिनती के 10-12 लोग ही वर्कआउट करने पहुँच रहे हैं, जिससे दीपक की कमाई पूरी तरह ठप हो गई है।

चंदे का नया जाल: पहले वाला पैसा कहाँ गया?

मोहम्मद दीपक के लिए दोबारा चंदा माँगने पर अब सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं। चर्चा है कि जब पहले भी मोहम्मद दीपक के नाम पर देश-विदेश से लाखों रुपए का फंड इकट्ठा किया गया था, तो वह सारा पैसा आखिर किसकी जेब में गया। मोहम्मद दीपक ने मीडिया के सामने आकर कहा था कि उसका पैसा घर के जरूरी खर्चों में चला गया।

लेकिन उन्हीं खर्चों में मोहम्मद दीपक क्या 1 से 2 महीने का किराया भी नहीं दे पाए अपने हिंदू मकान मालिक को। अब जब 4 महीने से ज्यादा समय हो रहा है बिना किराया दिए, तो खुद को बेचारा और प्रताड़ित बताकर वे मदद की गुहार लगा रहे हैं और वामपंथी विचारधारा के लोग भी दोबारा अपनी राजनीति चमकाने, आम लोगों की जेब ढीली कराने के लिए भीख माँग रहे हैं।

AAP सांसद ने भेजे 50 हजार, छोटे-छोटे चंदे की भी अपील

अजीत अंजुम ने बताया कि उनके इस अभियान के बाद आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने दीपक की मदद के लिए 50 हजार रुपए भेजे हैं। इसके अलावा कई लोग 10 हजार से 5000 रुपए की मदद कर रहे हैं।

अंजुम ने Video में मोहम्मद दीपक के बैंक खाते का बारकोड और क्राउडफंडिंग प्लेटफॉर्म का लिंक भी शेयर किया है। उन्होंने अपने दर्शकों से अपील की है कि वे अपनी सुविधा के अनुसार 15, 50 और 100 रुपए का छोटा चंदा देकर भी इस अभियान को सफल बनाएँ।

सालभर का पूरा खर्च निकालने का है बड़ा प्लान

अजीत अंजुम का कहना है कि उनका मकसद सिर्फ ढाई लाख का किराया चुकाना नहीं है। वह मोहम्मद दीपक के लिए इतना पैसा इकट्ठा करना चाहते हैं जिससे उनके जिम का सालभर का किराया, बिजली का बिल, स्टाफ की सैलरी और मेंटेनेंस का पूरा खर्चा निकल जाए। उनका प्लान है कि मोहम्मद दीपक को कम से कम एक साल के लिए आर्थिक तंगी से पूरी तरह आजाद कर दिया जाए, ताकि वे दोबारा अपने इस काम को अच्छे से खड़ा कर सकें।