महाराष्ट्र के पूर्व उप-मुख्यमंत्री अजित पवार की बारामती में हुए विमान हादसे में मृत्यु के मामले ने अब नया मोड़ सामने आया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) ने इस हादसे की जाँच CBI से कराने की माँग की है। इस सिलसिले में महाराष्ट्र की उप-मुख्यमंत्री और अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जाँच की माँग की है।
मंगलवार (17 फरवरी 2026) को सुनेत्रा पवार ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में सांसद प्रफुल्ल पटेल, सांसद सुनील तटकरे, मंत्री हसन मुश्रीफ तथा अजित पवार के बड़े बेटे पार्थ पवार शामिल थे। परिवार और पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री को एक लिखित ज्ञापन सौंपा गया जिसमें 28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे की सीबीआई से जाँच कराने का अनुरोध किया गया है।
मुलाकात के बाद प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने मीडिया से बातचीत में बताया कि अजित पवार की आकस्मिक मृत्यु को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं, इसलिए पूरे घटनाक्रम की पारदर्शी और स्वतंत्र जाँच जरूरी है। उन्होंने कहा कि पार्टी और परिवार चाहते हैं कि सच्चाई सामने आए और यदि किसी प्रकार की साजिश की संभावना है तो उसकी भी पूरी तरह जाँच हो।
तटकरे ने यह भी जानकारी दी कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि राज्य सरकार इस संबंध में शीघ्र ही केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय से संपर्क करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सीबीआई जाँच के लिए आवश्यक आधिकारिक प्रक्रिया शुरू की जाएगी और राज्य सरकार अपनी ओर से जरूरी कदम उठाएगी।
गौरतलब है कि 28 जनवरी 2026 को पुणे जिले के बारामती में अजित पवार का प्लैन क्रैश में निधन हो गया था। वह जनसभाओं को संबोधित करने जा रहे थे और लैंडिंग से पहले ही विमान क्रैश हो गया। इस हादसे में अजित पवार के अलावा उनके निजी सुरक्षा अधिकारी समेत 5 लोगों की जान चली गई थी।

