जन्मदिन की मौज-मस्ती के लिए इमरान समेत तीन नाबालिगों ने की कैब ड्राइवर कुलदीप की हत्या, कार में घूमने से इंकार करने पर घोंप दिया चाकू

दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बुधवार (3 दिसंबर 2025) की देर रात 27 वर्षीय कैब ड्राइवर कुलदीप की चार लोगों ने बेरहमी से हत्या कर दी। इनमें से तीन आरोपित नाबालिग बताए जा रहे हैं, जबकि मुख्य आरोपित इमरान उर्फ पनवाड़ी की उम्र 19 साल है। पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

घटना तब हुई जब आरोपित मौज-मस्ती के लिए इंडिया गेट जाना चाहते थे और उन्होंने शौचालय के पास खड़ी कैब को देखा। पुलिस के मुताबिक, इमरान अपनी जन्मदिन की पार्टी के बाद दोस्तों के साथ घूमना चाहता था। जब कुलदीप ने उन्हें ले जाने से इनकार किया तो बहस बढ़ गई और आरोपितों ने गुस्से में आकर कुलदीप को चाकू मार दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हत्या करने के बाद आरोपित उसकी कार लेकर शहर में घूमते रहे और बाद में उसे जंगपुरा में छोड़कर फरार हो गए। वहीं कुलदीप का शव लगभग चार घंटे तक झाड़ियों में पड़ा रहा। सुबह राहगीरों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और जाँच शुरू की। डीसीपी दक्षिण-पूर्व हेमंत तिवारी के अनुसार, पुलिस ने आसपास के 500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। एक फुटेज भोगल में मंदिर के पास शौचालय की मिली, जिसके आधार पर पुलिस आरोपितों तक पहुँची और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

डीसीपी ने बताया उन्होंने कथित हत्या सुबह 4 से 5 बजे के बीच की। पुलिस ने बताया कि चारों ने अपनी मनचाही मौज-मस्ती के लिए कैब ली और फिर जंगपुरा में सड़क किनारे कार छोड़ दी। पुलिस को कार, कुलदीप के खून से सने कपड़े और चाकू मारने में इस्तेमाल किया गया चाकू मिला है। जाँच में पता चला कि इमरान पहले भी कई चोरी और लूट के मामलों में शामिल रहा है।