अमेरिका के इडाहो राज्य के ट्विन फॉल्स शहर में शनिवार (01 अगस्त 2026) को एक बिजी शॉपिंग एरिया में हुई अँधाधुँध फायरिंग (Mass Shooting) ने लोगों में दहशत फैला दी। यह घटना इन-एन-आउट बर्गर रेस्टोरेंट के पास हुई, जहाँ बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। फायरिंग में हमलावर समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य लोग घायल हुए हैं।
घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया और जाँच शुरू कर दी गई।
ट्विन फॉल्स पुलिस विभाग के मुताबिक, पुलिस को दोपहर के समय शॉपिंग एरिया में फायरिंग की सूचना मिली थी। सूचना मिलेत ही पुलिस, फायर विभाग और मेडिकल टीमें मौके पर पहुँची। अधिकारियों ने इलाके को खाली कराया और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की। करीब एक घंटे के भीतर पुलिस ने स्थिति पर पूरी तरह काबू पा लिया।
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो में एक शख्स AR-स्टाइल की राफल को हाथ में लेकर रेस्टोरेंट के सामने घूमता दिखाई दे रहा है। एक अन्य वीडियो में वही व्यक्ति पार्किंग एरिया की ओर लगातार गोलियाँ चलाता नजर आता है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक गोलियों की आवाज सुनते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए दुकानों, रेस्टोरेंट और पार्किंग में छिप गए, जबकि कई लोग मौके से भागते हुए दिखाई दिए। रेस्टोरेंग के स्टाफ ने ग्राहकों को अंदर सुरक्षित जगहों पर पहुँचाया, जिससे और ज्यादा लोगों को नुकसान होने से बचाया जा सका।
घटना के बाद ट्विन फॉल्स पुलिस प्रमुख मैथ्यू हिक्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि फायरिंग की घटना पर एक घंटे में काबू पा लिया गया और फिलहाल समुदाय के लिए कोई खतर नहीं है। उन्होंने कहा कि जाँच अभी शुरुआती चऱण में है, इसलिए हमलावर की पहचान, उसका मकसद और मृतकों की पहचान फिलहाल पब्लिक नहीं की जा रही है।
जाँच एजेंसियाँ घटनास्थल से मिले सबूत, सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो की जाँच कर रही हैं। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हमलावर ने फायरिंग क्यों की। फिलहाल अधिकारियों ने किसी आतंकी साजिश या अन्य संभावित कारण की पुष्टि नहीं की है और मामले की गहन जाँच जारी है।

