आंध्र प्रदेश औऱ झारखंड से पत्रकारों पर बर्बरता की दो घटना सामने आई हैं। जहाँ आंध्र प्रदेश में दिन दहाड़े बाइक सवारों ने मस्जिद के पास पत्रकार को चाकू से गोदकर मार डाला। वहीं झारखंड में पत्रकार के सवाल पूछने पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के समर्थकों ने उन्हें बेरहमी से पीटा।
दिन दहाड़े ‘ABN आंध्र ज्योति’ के पत्रकार की हत्या
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के गृह जिले चित्तूर में एक पत्रकार की दिन दहाड़े हत्या कर दी गई। मंगलवार (28 अप्रैल 2026) को जब पत्रकार जगनमोहन रेड्डी सुबह की सैर पर निकले थे, तब मस्जिद के पास बाइक पर आए हमलावरों ने चाकू से उनपर हमला किया। रेड्डी खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिर गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ सैर कर रहे दूसरे पत्रकार सुब्रमण्यम पर भी बाइकसवार लोगों ने हमला किया था, उन्हें भी सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि रेड्डी ‘ABN आंध्र ज्योति’ नाम से मीडिया संस्थान में कार्यरत थे, वहीं उनके दोस्त सुब्रमण्यम ‘प्रजाशक्ति’ में काम करते थे। पुलिस की छह टीमें हत्या के पीछे आपसी रंजिश समेत हर एंगल से जाँच कर रही हैं। शुरुआती जाँच में सामने आया कि यह हमले की प्लानिंग काफी सावधानी से की गई थी। हमलावरों ने पहले रेड्डी की रेकी की थी और अकेला पाते ही उन पर हमला किया।
झारखंड में मंत्री इरफान अंसारी के समर्थकों ने पत्रकार को पीटा
झारखंड में एक पत्रकार ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से तीखे सवाल किए, तो उनके समर्थकों ने पत्रकार को बेरहमी से पीटा। दरअसल, मंगलवार (28 अप्रैल 2026) को स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में चतरा विमान हादसे के पीड़ितों से मिलने पहुँचे थे, जब News18 के एक पत्रकार सुशांत सोनी ने उनसे मुआवजे को लेकर सवाल पूछा तो उनके समर्थक भड़क गए और पत्रकार की लात-घूसों से पिटाई कर दी। सामने आए वीडियो में भीड़ पत्रकार को घेरकर पीटती दिखाई दे रही है।
हजारीबाग में सवाल पूछने पर नाराज स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के इशारे पर उनके एक दर्जन समर्थकों द्वारा News 18 Jharkhand के पत्रकार सुशांत सोनी के साथ मारपीट किए जाने की चिंताजनक सूचना मिली है।
— Babulal Marandi (@yourBabulal) April 28, 2026
लोकतंत्र में सवाल पूछना पत्रकारों का अधिकार है, लेकिन वंशवाद के सहारे राजनीति करने… pic.twitter.com/hL0Y8uYsPJ
इस घटना के बाद वहाँ मौजूद पत्रकारों ने इसका विरोध किया और कहा कि घटना को लेकर राज्यव्यापी विरोध किया जाएगा। वहीं इस मामले पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कार्रवाई की माँग की है।

