बिहार में तालाब की खुदाई में निकली भगवान विष्णु की अष्टधातु मूर्ति, दर्शन के लिए उमड़ी भीड़: गाँव में ही मंदिर निर्माण और प्राण-प्रतिष्ठा की माँग

बिहार के जहानाबाद जिले के एक गाँव में तालाब की खुदाई के दौरान भगवान विष्णु की प्राचीन अष्टधातु की मूर्ति बरामद हुई है। मखदुमपुर प्रखंड स्थित चाँढ़ गाँव में जेसीबी मशीन से तालाब की सफाई और गहरीकरण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मजदूरों को मिट्टी के नीचे दबी दुर्लभ प्रतिमा दिखाई दी।

बाहर निकालने पर पता चला कि वह भगवान विष्णु की बेहद आकर्षक और प्राचीन अष्टधातु की मूर्ति है। प्रतिमा को पानी से साफ करते ही उसका चमकदार स्वरूप देखकर लोग आश्चर्यचकित रह गए। मूर्ति मिलने की खबर कुछ ही देर में पूरे इलाके में फैल गई, जिसके बाद आसपास के गाँवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुँचने लगे।

ग्रामीणों ने भगवान विष्णु के जयकारे लगाए और महिलाओं ने मंगलगीत गाकर पूजा-अर्चना की। लोगों का मानना है कि यह प्रतिमा गाँव के प्राचीन इतिहास और यहाँ किसी पुराने मंदिर या सभ्यता के अस्तित्व की ओर संकेत करती है। फिलहाल प्रतिमा को गाँव के सूर्य मंदिर में सुरक्षित रखकर पूजा शुरू कर दी गई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से माँग की है कि सरकार और प्रशासन इस स्थल के ऐतिहासिक महत्व की जाँच कराए और गाँव में ही मंदिर बनवाकर इस मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा कराई जाए।