असम के नगांव जिले में पुलिस ने शनिवार (10 मई 2026) को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कबाड़ी गोदाम से करोड़ों रुपए का संदिग्ध चोरी का सामान बरामद किया। पुलिस का दावा है कि बरामद सामान में बिजली और संचार विभागों के केबल के अलावा मंदिरों से चोरी किए गए पीतल के घंटे, त्रिशूल, मूर्तियाँ और अन्य धार्मिक वस्तुएँ भी शामिल हैं।
मामले में पुलिस ने हामिद अली को हिरासत में लिया है, जबकि उसका बेटा अजहर उद्दीन अली मौके से फरार बताया जा रहा है।
Assam Police raid Nagaon scrap unit of Hamid Ali & son Azhar Uddin.
— Megh Updates 🚨™ (@MeghUpdates) May 10, 2026
Sacks of looted brass temple bells, trishuls, idols & sacred Hindu artefacts worth crores recovered — not scrap, but temple theft haul.
On getting caught red handed, he screamed "I am doing legitimate business… pic.twitter.com/tnxY4E16BR
चोर की निशानदेही पर कबाड़ी गोदाम में छापा
पुलिस के अनुसार, हैबरगाँव पुलिस ने पहले एक संदिग्ध चोर को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर मोरीकोलोंग चारिखुती इलाके में स्थित हामिद अली और उसके बेटे अजहर उद्दीन अली के कबाड़ी गोदाम पर छापेमारी की गई।
छापे के दौरान बड़ी मात्रा में पीतल और एल्युमिनियम का सामान, असम पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (APDCL) और भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) से जुड़े बिजली और संचार केबल बरामद किए गए। अधिकारियों ने जब्त सामान की कीमत कई करोड़ रुपए बताई है।
पुलिस को शंका है कि वे लंबे समय से चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त में शामिल थे और कबाड़ी गोदाम को चोरी का माल ठिकाने लगाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।
मंदिरों से चोरी की आशंका, कार्रवाई के दौरान हंगामा
पुलिस को छापेमारी के दौरान मंदिरों से चोरी किए गए पीतल के घंटे, त्रिशूल, मूर्तियाँ और अन्य हिंदू धार्मिक प्रतीक भी मिले हैं। जाँच एजेंसियाँ अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि ये धार्मिक वस्तुएँ किन मंदिरों से चोरी की गई थीं और क्या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है।
कार्रवाई के दौरान इलाके में तनाव की स्थिति भी पैदा हो गई। पुलिस का आरोप है कि हामिद अली और उसके बेटे को हिरासत में लेने के दौरान परिवार की कुछ महिलाओं ने कार्रवाई रोकने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त अर्धसैनिक बल तैनात करना पड़ा। इसी अफरा-तफरी के बीच अजहर उद्दीन अली मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने हामिद अली को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और फरार आरोपित की तलाश में छापेमारी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जाँच हर पहलू से की जा रही है और आने वाले दिनों में इस पूरे नेटवर्क से जुड़े और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।

