‘कोई माई का लाल भारत की एक इंच भूमि को हड़प नहीं सकता’: अमित शाह, कहा-असम में लागू करेंगे UCC

केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के स्टार प्रचारक अमित शाह ने रविवार (29 मार्च 2026) को असम में दो चुनावी रैलियों को संबोधित किया। अमित शाह ने धेकियाजुली विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी उम्मीदवार अशोक सिंघल के समर्थन में प्रचार किया।

वहीं नलबाड़ी जिले में भी चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। अमित शाह ने घुसपैठियों के मु्द्दे से लेकर समान नागरिक संहिता (UCC) कानून पर बात की।

कॉन्ग्रेस पर साधा निशाना

अमित शाह ने कॉन्ग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “एक समय था जब कॉन्ग्रेस के राज में असम में हर दिन कहीं न कहीं बम धमाके होते थे, निर्दोषों की जान जाती थी और सेना व उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ की खबरें हेडलाइंस बनती थीं।”

उन्होंने आगे कहा, “कॉन्ग्रेस ने असम के युवाओं के हाथों में हथियार दिए, लेकिन बीजेपी ने उनके हाथों में लैपटॉप और रोजगार देने का काम किया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने केवल तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति के लिए उग्रवाद को पनपने दिया।

घुसपैठियों पर बोले अमित शाह

घुसपैठियों पर अमित शाह ने बोला, “BJP ने अपने 10 सालों के शासनकाल में असम में घुसपैठियों से 1 लाख 25 हजार एकड़ भूमि मुक्त कराई है। इन 10 सालों में हमने घुसपैठियों को रोका है। अब कोई घुसपैठिया असम में नहीं घुस सकता। ये घुसपैठिए असम के युवाओं के रोजगार छीन रहे हैं। इस भूमि पर इनका कोई अधिकार नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा, “अगले 5 सालों में हम असम से घुसपैठियों को चुन-चुनकर निकालेंगे। हमारी बीजेपी सरकार ने घुसपैठियों से 1 लाख 25 हजार एकड़ भूमि मुक्त कराई है। हमने उनके अतिक्रमण को तोड़ा है।”

अमित शाह ने यह भी कहा, “चीन की लड़ाई हुई। जवाहरलाल नेहरू ने असम को टाटा बाय-बाय कह दिया था। जवाहरलाल जी, ये आपकी भूमि नहीं है, ये भारत माता का अभिन्न अंग है हमारा असम। अब नरेंद्र मोदी की सरकार में, कोई माई का लाल भारत की एक इंच भूमि को हड़प नहीं सकता है।”

असम में होगा UCC लागू: अमित शाह

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि बीजेपी सरकार आने वाले दिनों में असम मे भी समान नागरिक संहिता (UCC) लाकर चार शादियों पर प्रतिबंध लगाने वाली है।