तेलंगाना की एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने आय से ज्यादा संपत्ति रखने के मामले में DSP संकिरेड्डी भीम रेड्डी को 06 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई उनके और उनके करीबियों से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी के बाद की गई। अब ACB की विशेष अदालत ने उन्हें 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
भीमे रेड्डी फिलहाल हैदराबाद के पुलिस कंप्यूटर सर्विसेज विभाग में तैनात हैं। उन्हें 06 जुलाई 2026 को शाम करीब 7.40 बजे इब्राहिमबाग स्थित वेस्सेला मीडोज में उनके घर से गिरफ्तार किया गया। ACB के मुताबिक, उन्होंने अपनी नौकरी के दौरान भ्रष्ट और संदिग्ध तरीकों से अपनी वैध आय से कहीं अधिक संपत्ति जुटाई।
भीम रेड्डी के 16 ठिकानों पर छापेमारी
ACB ने 02 जुलाई 2026 को भीम रेड्डी के घर समेत कुल 16 ठिकानों पर छापेमारी की थी। ये ठिकाने उनके रिश्तेदारों, दोस्तों, कथित बेनामीदारों और अन्य करीबियों से जुड़ी थीं। यह कार्रवाई तेलंगाना और कर्नाटक में की गई।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों को कई कीमती संपत्तियों की जानकारी भी मिली। इनमें वेस्सेला मीडोज में एक आलीशान विला, टेलीकॉम नगर में G+2 मकान और पेंटहाउस, टेलीकॉम और गाचीबौली में फ्लैट मणिकोंडा के पास एक कमर्शियल प्रॉपर्टी, प्रगति रिसॉर्ट्स, नागोले, पाटनचेरु और विकाराबाद में खाली प्लॉट, साथ ही संगारेड्डी, कर्नाटक, देवनहल्ली, मोमिनपेट और मुचिंतला में कृषि भूमि शामि हैं।
नकदी, सोना और डायरी बरामद
छापेमारी के दौरान ACB ने भीम रेड्डी के घर से करीब 3.60 लाख रुपए नकद बरामद किए। वहीं, उनके एक कथित बेनामी के घर से 40 लाख रुपए नकद मिले। इसके अलावा करीब 2 किलो सोने के गहने, 20 किलो चाँदी के सामान और लगभग 19.91 लाख रुपए की बैंक जमा राशि का भी पता चला।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आय से अधिक संपत्ति की जाँच को उस समय नई दिशा मिली, जब अधिकारियों को भीम रेड्डी की एक हाथ से लिखी डायरी मिली। बताया गया कि उन्होंने यह डायरी मई में पत्नी के साथ चारधाम यात्रा पर जाने से पहले लिखी थी। इसमें उनकी संपत्तियों, निवेश, देनदारियों और कथित बेनामी लोगों के नाम दर्ज थे।
जाँच अधिकारियों के मुताबिक, यात्रा पर रवाना होने से पहले भीम रेड्डी ने इस डायरी की स्कैन कॉपी अपने दोनों बटों को व्हाट्सऐप के जरिए भेजी थी।

