होमगार्डों को ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज, गोरखपुर-मुरादाबाद में 100-100 बेड के ESIC अस्पताल: योगी कैबिनेट में पास हुए कई बड़े प्रस्ताव

लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार (6 जुलाई 2026) सुबह हुई उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक में कई बड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में होमगार्डों और उनके परिवारों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा, वाराणसी में ISIC मेडिकल कॉलेज की स्थापना और प्रदेश में नए विश्वविद्यालयों की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

होमगार्डों को स्वास्थ्य सुरक्षा, स्टार्टअप नीति और पशुपालकों को राहत

कैबिनेट ने प्रदेश के होमगार्डों और उनके आश्रितों को बड़ी राहत देते हुए पाँच लाख रुपए तक की कैशलेस उपचार सुविधा देने का निर्णय लिया है। वर्तमान में कार्यरत करीब 1.18 लाख होमगार्डों के साथ भर्ती प्रक्रिया पूरी कर चुके लगभग 41 हजार नए जवान भी इस योजना के दायरे में आएँगे।

उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति-2026, उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन डायरेक्टरेट और डेटा सेंटर नीति को भी मंजूरी दी गई। मिशन का नेतृत्व मुख्य सचिव करेंगे और स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए एक हजार करोड़ रुपए का फंड बनाया जाएगा, जिसमें 400 करोड़ रुपए डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) की ओर से होंगे।

किसानों और पशुपालकों के हित में मुख्यमंत्री जोखिम प्रबंधन एवं पशुधन बीमा योजना को भी मंजूरी दी गई। यह योजना प्रदेश के सभी 75 जिलों में लागू होगी।

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को बढ़ावा, जलालाबाद का बदलेगा नाम

कैबिनेट ने शाहजहांपुर की जलालाबाद तहसील का नाम बदलकर ‘भगवान परशुराम पुरी’ करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के तहत वाराणसी में 13 एकड़ भूमि पर ESIC मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाएगा, जिसकी 50 प्रतिशत सीटें श्रमिकों के बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी।

इसके अलावा गोरखपुर और मुरादाबाद में 100-100 बेड के ESIC अस्पतालों के निर्माण के लिए पाँच-पाँच एकड़ भूमि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। वहीं रायबरेली में उद्यान महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र की स्थापना के लिए 20 हेक्टेयर भूमि आवंटित करने और 50 करोड़ रुपए उपलब्ध कराने को भी मंजूरी मिली।

खिलाड़ियों की सीधी भर्ती, नए विश्वविद्यालय और अन्य अहम फैसले

कैबिनेट ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की सीधी सरकारी भर्ती संबंधी नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी है। अब ओलंपिक, एशियाई खेल और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की नियमित चयन प्रक्रिया से अलग समूह ‘क’ और ‘ख’ के पदों पर सीधी नियुक्ति दी जा सकेगी।

इसके तहत क्रीड़ा अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी और उप क्रीड़ा अधिकारी सहित कुल 41 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हुआ है। बैठक में कानपुर के बिल्हौर में महर्षि महेश योगी इंटरनेशनल एग्रीकल्चर विश्वविद्यालय, गाजियाबाद में अजय कुमार गर्ग विश्वविद्यालय और फतेहपुर में ठाकुर युगराज सिंह विश्वविद्यालय की स्थापना को भी मंजूरी दी गई।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश अधीनस्थ (सहकारी समितियां एवं पंचायत) लेखा परीक्षा सेवा (प्रथम संशोधन) नियमावली-2026, वेतन समिति-2016 की सिफारिशों पर गठित समिति की अनुशंसाओं तथा गोरखपुर और मुरादाबाद नगर निगमों के लिए म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी करने एवं क्रेडिट रेटिंग हेतु धनराशि उपलब्ध कराने जैसे प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।