उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में सोमवार (6 जुलाई 2026) को एक कार्यक्रम के दौरान सनातन धर्म और भगवान श्रीराम के महत्व पर बड़ा बयान दिया है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब दूसरी तरफ अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। मुख्यमंत्री ने वैचारिक और सांस्कृतिक चेतना को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत की आत्मा सनातन धर्म में बसती है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने राम और राष्ट्र के अंतर्संबंधों को जोड़ते हुए कहा, “राम का मतलब राष्ट्र है। वह भारत की आत्मा के मूल स्रोत हैं। आज जो भव्य अयोध्या और श्रीराम मंदिर पूरा देश देख रहा है, वह अशोक सिंघल के संकल्प और सपने का ही परिणाम है। 1980 और 1990 के दशक में राम मंदिर आंदोलन के दौरान पूरे देश में एक ही नारा गूँजता था- रामलला हम आएँगे, मंदिर वहीं बनाएँगे।”
प्रयागराज स्थित प्रेरणा पार्क के लोकार्पण एवं नगर निगम द्वारा स्थापित प्रतिमाओं के अनावरण हेतु आयोजित कार्यक्रम में… https://t.co/hr3lKeM9Ro
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 6, 2026
मुख्यमंत्री ने उस दौर के संघर्ष और युवाओं के बलिदान को याद करते हुए आगे कहा, “उस समय एक और नारा युवाओं में जबरदस्त जोश भरता था कि मंदिर के काम न आए, ये जवानी बेकार है। उस दौर के युवाओं ने अशोक सिंघल के नेतृत्व में पूरे देश में राम मंदिर आंदोलन का शंखनाद किया था। राम मंदिर आंदोलन ने देश की राष्ट्रभावना और सांस्कृतिक चेतना को एक नई ऊर्जा देने का काम किया।” मुख्यमंत्री का यह बयान सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा में है, जहाँ उन्होंने राष्ट्र निर्माण में राम मंदिर आंदोलन की भूमिका को सर्वोपरि बताया।

