उत्तर प्रदेश के झाँसी में गुरुवार (6 अगस्त 2026) को हुए एक सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे आबान अहमद और उसके साथी सोनू खान की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के वक्त कार में 5 लोग सवार थे। घटना में तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
सभी प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मुलाकात करने के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रयागराज के फाफामऊ क्षेत्र से आबान अहमद, अहजम, मोहम्मद जैद, उमर और सोनू खान एक कार से झांसी के लिए निकले थे। जब उनकी कार पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास हाईवे पर पहुँची, तभी तेज रफ्तार के चलते वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार डिवाइडर से टकराई और कार का आगे का हिस्सा पूरा क्षतिग्रस्त हो गया।
भीषण दुर्घटना में अतीक अहमद के बेटे के साथ आबान अहमद के साथी सोनू खान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, अहजम, मोहम्मद जैद और उमर गंभीर रूप से घायल हो गए। सोशल मीडिया पर घटना की तस्वीरें सामने आई हैं।
#Breaking :
— Shankar Anand ( #News18 ) (@shankar_news18) August 6, 2026
*चर्चित माफिया Don रहे अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अमान की सड़क हादसे में मौत*…सूत्र के मुताबिक वो अपने भाई से मुलाकात करने झाँसी स्थित जेल जा रहा था, लेकिन उसी दौरान हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी https://t.co/1EDNXsa4Pu pic.twitter.com/G2Szl5Nv7Q
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुँची पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जाँच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा केवल तेज रफ्तार के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी थी।

