मध्य प्रदेश के इंदौर में ICC महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा चूक का मामला सामने आया है। दरअसल, इंदौर में होटल से पैदल जा रहीं ऑस्ट्रेलिया की दो महिला खिलाड़ियों को एक बाइक सवार मनचले ने न सिर्फ छेड़ा बल्कि उन्हें गलत तरीके से छुआ भी है। पुलिस ने छेड़छाड़ करने के आरोप में खजराना निवासी अकील खान नामक युवक को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि अकील पर पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना गुरुवार (24 अक्टूबर 2025) सुबह करीब 11 बजे की है, जब दोनों खिलाड़ी होटल रेडिसन ब्लू से पास के एक कैफे की ओर जा रही थीं। सफेद शर्ट और काली टोपी पहने अकील बाइक पर सवार होकर दोनों खिलाड़ियों का पीछा कर रहा था। कुछ ही देर में उसने एक खिलाड़ी के साथ गलत हरकत की और मौके से भाग गया।
अचानक हुई इस घटना से दोनों खिलाड़ी घबरा गईं और उन्होंने टीम के सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस को SOS संदेश भेजकर अपनी लाइव लोकेशन साझा की। सिमंस ने तुरंत स्थानीय प्रभारी सुमित चंद्रा से संपर्क कर मदद के लिए वाहन भेजा और दोनों खिलाड़ियों को सुरक्षित होटल वापस पहुँचाया। सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर एमआईजी थाने में FIR दर्ज की गई।
घटना की सूचना मिलने पर सहायक पुलिस आयुक्त हिमानी मिश्रा ने दोनों खिलाड़ियों से मुलाकात करके उनके बयान दर्ज किए हैं। हिमानी ने बताया कि एक राहगीर ने संदिग्ध की मोटरसाइकिल का नंबर नोट कर लिया था, जिसके आधार पर आरोपी अकील खान को पकड़ लिया गया है।
पुलिस ने विजय नगर, एमआईजी, खजराना, परदेशीपुरा और कनाड़िया थानों की संयुक्त टीम गठित कर जाँच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपी की पहचान की गई और शुक्रवार शाम उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना के बाद इंदौर पुलिस ने खिलाड़ियों की सुरक्षा बढ़ा दी है। होटल से स्टेडियम तक जाने वाले रूट पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस कमिश्नर ने सुरक्षा में हुई चूक पर नाराजगी जताते हुए इंटेलिजेंस विंग को फटकार लगाई है।

