श्रीराम मंदिर में धर्म ध्वज फहराएँगे PM मोदी, सांस्कृतिक उत्थान का संदेश देते ध्वज पर अंकित हैं कोविदार पेड़ और ॐ: जानें प्रधानमंत्री का पूरा कार्यक्रम

प्रभु राम की नगरी अयोध्या मंगलवार (25 नवंबर 2025) को एक बार फिर ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनने जा रही है। दोपहर करीब 12 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर में धर्म ध्वज फहराएँगे। 22 जनवरी 2024 को हुए प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लगभग एक साल 10 महीने बाद पीएम मोदी 25 नवंबर को श्रीराम मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराएँगे। इस ध्वजारोहण के साथ मंदिर निर्माण की पूर्णता का संदेश भी पूरे देश में जाएगा।

पीएम मोदी सुबह करीब 10 बजे सप्त मंदिर जाएँगे महर्षि वशिष्ठ, महर्षि विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य, महर्षि वाल्मीकि, देवी अहिल्या, निषादराज गुह और माता शबरी के मंदिर हैं। पीएम मोदी सुबह करीब 11 बजे माता अन्नपूर्णा मंदिर जाएँगे। इसके बाद, वे राम दरबार गर्भ गृह में दर्शन और पूजा करेंगे जिसके बाद वे राम लला गर्भ गृह में दर्शन करेंगे। साथ ही, वो 12 बजे पवित्र श्री राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराएँगे।

कैसा होगा धर्म ध्वज?

10 फीट ऊँचे और 20 फीट लंबे समकोण वाले तिकोने ध्वज पर एक चमकते सूरज की तस्वीर है, जो भगवान श्री राम की प्रतिभा और वीरता का प्रतीक है। इस पर कोविदारा पेड़ की तस्वीर के साथ ‘ॐ’ अंकित है। पवित्र भगवा ध्वज, राम राज्य के आदर्शों को प्रतिबिंबित करते हुए, गरिमा, एकता और सांस्कृतिक निरंतरता का संदेश देगा।

PM मोदी ने क्या कहा?

पीएम मोदी ने अपनी अयोध्या यात्रा से पहले सोमवार को X पर पोस्ट लिख प्रभु श्री राम को भारतवर्ष की आत्मा, उसकी चेतना और उसके गौरव का आधार बताया है। पीएम मोदी ने कहा, “यह ध्वज भगवान श्री राम के तेज, शौर्य और उनके आदर्शों के साथ-साथ हमारी आस्था, अध्यात्म और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।”