राम मंदिर चंदा मामला: SIT ने योगी सरकार को सौंपी शुरुआती जाँच रिपोर्ट, 10-15 दिन में आएगी फाइनल रिपोर्ट

अयोध्या के राम मंदिर में दान में मिली रकम के गायब होने के मामले में बड़ी जानकारी सामने आई है। इस मामले की जाँच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने अपनी शुरुआती रिपोर्ट योगी सरकार को सौंप दी है। लखनऊ के कमिश्नर विजय विश्वास पंत ने मंगलवार (23 जून) को यह गोपनीय रिपोर्ट गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव को सौंपी।

कमिश्नर ने बताया कि अभी जाँच चल रही है और अगले 10 से 15 दिनों के भीतर पूरी फाइनल रिपोर्ट सरकार को सौंप दी जाएगी। राम मंदिर ट्रस्ट ने ही दान के पैसों के रखरखाव में गड़बड़ी की आशंका जताई थी। ट्रस्ट की माँग पर उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून को SIT का गठन किया था।

जाँच अधिकारियों का कहना है कि यह मामला बहुत संवेदनशील है, इसलिए रिपोर्ट की बातों को अभी सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। जरूरत पड़ने पर टीम दोबारा अयोध्या का दौरा भी कर सकती है। इस पूरे मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कुछ दिनों पहले ही करोड़ों रुपए का दान गायब होने का मुद्दा उठाया था।