राजस्थान में CM के दौरे से पहले बालोतरा रिफाइनरी में लगी आग, मौके पर पहुँचे मुख्य सचिव: एक दिन बाद PM मोदी करने वाले थे लोकार्पण

राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा क्षेत्र स्थित रिफाइनरी में आग लगने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियाँ तुरंत मौके पर रवाना की गईं और दमकल कर्मी आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब रिफाइनरी का लोकार्पण कार्यक्रम प्रस्तावित था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार (21 अप्रैल 2026) को इसका लोकार्पण करने वाले थे। तो उससे पहले, मुख्यमंत्री का सोमवार (20 अप्रैल 2026) की शाम करीब 4 बजे रिफाइनरी पहुँचने का कार्यक्रम निर्धारित था। इससे पहले हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान के मुख्य सचिव मौके पर पहुँच चुके हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, आग लगने के बाद रिफाइनरी परिसर में कर्मचारियों के बीच अफरातफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत कई यूनिटों को खाली करा लिया गया है। अभी तक किसी बड़े जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है लेकिन तकनीकी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है जिससे स्थानीय स्तर पर असमंजस बना हुआ है।

रिफाइनरी परिसर में सुरक्षा दल और तकनीकी टीमें राहत एवँ बचाव कार्य में जुट गई हैं। फिलहाल आग की तीव्रता पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका है लेकिन स्थिति को संभालने की कोशिशें जारी हैं। प्रशासनिक टीमें भी मौके पर पहुँचकर हालात पर नजर रखे हुए हैं।

प्रशासन ने उच्च स्तरीय जाँच के आदेश देने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके साथ ही तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को आग के कारणों की जाँच के लिए लगाया जा रहा है। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। सभी की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि आग पर कब तक पूरी तरह काबू पाया जाता है और इसके पीछे की असली वजह क्या सामने आती है।