बांग्लादेशी आर्मी ने निहत्थे जनजातीय लोगों पर चलाई गोलियाँ, 4 की मौत: रेप मामले में कार्रवाई की कर रहे थे माँग, RRAG ने PM मोदी से की हस्तक्षेप की माँग

बांग्लादेश की आर्मी ने रविवार (28 सितंबर 2025) को खगराछड़ी जिले के गुईमारा उपजिला में जनजातीय समाज पर हमला किया। यह हमला उस समय हुआ जब जनजातीय समाज ने एक नाबालिग जनजातीय लड़की के साथ हुए रेप के विरोध में सड़क को जाम किया।

जनजातीय नाबालिग लड़की से रेप की घटना 23 सितंबर 2025 की है। ट्यूशन से लौटते वक्त लड़की का 3 बंगाली युवकों ने रेप किया। इस मामले में जनजातीय समाज स्थानीय प्रशासन से कार्रवाई की माँग कर रहा है। हालाँकि, पुलिस ने एक आरोपित शोयोन शील को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी दो आरोपित फरार हैं।

न्याय की माँग को लेकर जनजातीय समुदाय ने ‘जुम्मा छात्र जनता’ के बैनर तले सड़कें जाम कीं। लोगों ने सड़कों पर बैरिकेड लगाए, टायर जलाए, पेड़ काटे और खगराछड़ी से ढाका, चटगाँव और रंगामाटी के बीच सड़क संपर्क बाधित कर दिया।

इसके बाद 27 सितंबर 2025 को बंगाली मुस्लिमों और आदिवासी जनजातियों के बीच हिंसक झड़पें हुईं। कई घरों को आग लगा दी गई और दुकानों में लूटपाट भी मचाई गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने धारा 144 लागू कर दी, जिससे 4 या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लग गई।

इसके बावजूद जब जनजातीय लोग पीछे नहीं हटे और न्याय की माँग पर डटे रहे तो रविवार (28 सितंबर 2025) को बांग्लादेशी आर्मी ने उन पर हमला कर दिया। सूत्रों के अनुसार, इस हमले में करीब 4 जनजातीय लोग मारे गए और दर्जनों घायल हुए हैं।

इससे पहले सितंबर 2024 में ऑपइंडिया ने रिपोर्ट किया था कि मुस्लिम भीड़ ने चटगाँव डिवीजन के दीघिनाला और खगराछड़ी सदर में बौद्ध चकमा और हिंदू त्रिपुरी समुदायों पर हमला किया था। उस हिंसा में 200 से अधिक दुकानों और घरों को आग लगा दी गई थी और एक बौद्ध मंदिर पर भी हमला हुआ था।