बांग्लादेश में भारतीय अधिकारी की ‘संदिग्ध मौत’, चटगाँव दूतावास में मिला प्रोटोकॉल अफसर नरेंद्र का शव: जाँच में जुटी पुलिस

बांग्लादेश के चटगाँव में स्थित भारतीय सहायक उच्चायोग से एक भारतीय अधिकारी का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय नरेंद्र (नरेन धर) के रूप में हुई है, जो वहाँ सुरक्षा प्रोटोकॉल अधिकारी थे। मंगलवार (19 मई 2026) सुबह उनका शव दूतावास के ही एक कमरे से बरामद किया गया।

नरेंद्र मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले थे और उनके पिता का नाम राम निवास था। मंगलवार सुबह जब काफी देर तक उन्होंने अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला, तो वहाँ मौजूद दूसरे अधिकारियों को शक हुआ। आवाज देने और कोशिश करने के बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

संदिग्ध हालात में मिला शव

चटगाँव पुलिस ने मौके पर पहुँचकर सुबह करीब 9:30 बजे कमरे से नरेंद्र का शव बरामद किया। पुलिस ने शुरुआती जाँच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चटगाँव मेडिकल कॉलेज (CMC) अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

चटगाँव पुलिस कमिश्नर हसन मोहम्मद शौकत अली के मुताबिक, इस मामले में अप्राकृतिक मौत का केस दर्ज किया जा रहा है। पुलिस हर एंगल से मामले की जाँच कर रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अधिकारी के शव को भारतीय उच्चायोग को सौंप दिया जाएगा। इस घटना को लेकर भारतीय दूतावास के अधिकारी भी लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं।