2 लाख हिंदुओं-बौद्धों को मार दो, इनका नामोनिशान भी ना बचे: बांग्लादेश के चटगाँव में बड़ी साजिश, इलाके से बरामद किए गए पोस्टर

बांग्लादेश के चटगाँव जिले के रावजान उपजिले में हिंदू और बौद्ध समुदाय को निशाना बनाने की एक संगठित साजिश का खुलासा हुआ है। इलाके से बरामद एक पोस्टर में दावा किया गया है कि 13 दिसंबर 2025 को रौजान में हिंदू और बौद्ध समुदाय के दो लाख लोगों की हत्या की योजना बनाई गई थी। दावा किया गया है कि इसके लिए फंडिंग भी की गई थी।

द संडे गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेशी सम्मिलित सनातनी जागरण जोत के प्रतिनिधि कुशल बरुन चक्रवर्ती ने कहा, “पुलिस बैनर अपने साथ ले गई। उस पर लिखा था ’13 दिसंबर, 2025 को एक योजना बनाई गई और उसे लागू करने के लिए धन उपलब्ध कराया गया। इस योजना और धन का उद्देश्य चटगाँव के रावजान उपजिले में हिंदू और बौद्ध समुदायों के कुल दो लाख अनुयायियों को मारना था। रौजान में हिंदू और बौद्ध समुदायों का कोई नामोनिशान नहीं बचेगा, उन्हें रहने नहीं दिया जाएगा’।”

चक्रवर्ती ने कहा कि यह पोस्टर स्पष्ट रूप से बताता है कि हिंदू और बौद्ध समुदाय को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाने की योजना बनाई गई थी। उनके अनुसार, हालिया घटनाएँ इस साजिश की ओर इशारा करती हैं और इसकी निष्पक्ष जाँच जरूरी है।

यह पोस्टर उसी इलाके से बरामद किया गया, जहाँ हाल के दिनों में कई हिंदुओं के घरों को आग के हवाले कर दिया गया था। पुलिस ने आगजनी वाली जगहों से केरोसीन से भीगे कपड़े और हाथ से लिखे कागज बरामद किए हैं, जिनमें राजनीतिक नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के नाम और मोबाइल नंबर दर्ज थे। पुलिस ने पोस्टर को जब्त कर जाँच शुरू कर दी है।