बांग्लादेश चुनाव में BNP के टिकट पर 4 हिंदू नेता जीते, जमात के इकलौते अल्पसंख्यक उम्मीदवार को मिली हार

बांग्लादेश चुनाव के नतीजों में बीएनपी (BNP) ने 211 सीटें जीतकर क्लीन स्वीप कर दिया है। इस बड़ी जीत के बीच सबसे ज्यादा चर्चा बीएनपी के टिकट पर जीते 4 हिंदू उम्मीदवारों की हो रही है। जानकारों का कहना है कि इस बार हिंदू समुदाय ने बड़ी संख्या में BNP के पक्ष में वोट किया है। पार्टी ने कुल 6 अल्पसंख्यक उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें से 4 हिंदुओं ने शानदार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है।

इन दिग्गजों ने मारी बाजी

जीतने वालों में सबसे बड़ा नाम गायेश्वर चंद्र राय का है, जिन्होंने ढाका-3 से 99 हजार से ज्यादा वोट हासिल किए। मागुरा-2 सीट से निताई राय चौधरी ने 1.47 लाख वोटों के साथ बड़ी जीत दर्ज की। रंगामती से दीपेन दीवान तीसरी बार सांसद चुने गए हैं, जबकि बंदरबन से साचिंग प्रू 1.41 लाख वोट लेकर संसद पहुँचे हैं।

दूसरी तरफ, जमात-ए-इस्लामी के इकलौते हिंदू उम्मीदवार कृष्णा नंदी को हार का सामना करना पड़ा। कुल 79 अल्पसंख्यक उम्मीदवार मैदान में थे, लेकिन सफलता मुख्य रूप से बीएनपी के इन चार हिंदू चेहरों को ही मिली।