बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ हिंसा बढ़ती जा रही है। ताजा मामला नरैल जिले के मौली इलाके का है। यहाँ हिंदू युवक किंकोर दास को अगवा कर लिया गया। एक दिन बाद जब दास मिला तो उसके शरीर पर पिटाई की गंभीर चोटें थीं। उसकी मोटरसाइकिल, सोने की चेन और अंगूठी भी लूट ली गई।
घटना को लेकर आवामी लीग के एक नेता ने कहा, “किंकोर दास की कहानी बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के डर को बयाँ करती है। किंकोर दास का अपहरण किया गया, उन्हें प्रताड़ित किया गया और लूटा गया। उनका मामला कोई अकेली घटना नहीं है। यह उस देश का भयावह प्रतिबिंब है जो चुपचाप अल्पसंख्यकों के व्यवस्थित उत्पीड़न की अनुमति देता है।”
देश में मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार पर सवाल उठाते हुए आवामी लीग ने कहा, “जमात समर्थित यूनुस के अवैध शासन में मंदिरों को अपवित्र करना, मूर्तियों को तोड़ना और लक्षित हिंसा आम बात हो गई है। यहाँ न्याय एक भुला दिया गया शब्द है।” आवामी लीग ने सवाल किया, “यह कैसी सरकार है, जहाँ अल्पसंख्यक होना अपराध माना जाता है?”

