दिल्ली में दबोचा गया बांग्लादेशी हिंदू अफसर का हत्यारा अहमद, यूरोप भागने की फिराक में था: SI संतोष का शव पेड़ से लटका बनाई थी Video

बांग्लादेश में हिंदू पुलिस अधिकारी की हत्या के मामले में वांछित आरोपित अहमद रजा हसन मेहदी को दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अहमद यूरोप भागने की फिराक में था।

लेकिन इमिग्रेशन विभाग ने उसे दिल्ली एयरपोर्ट से ही दबोच लिया। इसके बाद जरूरी प्रक्रिया को पूरा करने के बाद अहमद को बांग्लादेश डिपोर्ट कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक, अधिकारियों को मेहदी के दिल्ली पहुँचने का पहले से इनपुट था, इसी आधार पर यह कार्ऱवाई की गई।

वह साल 2024 में बांग्लादेश में भड़की हिंसा में पुलिस अफसर संतोष चौधरी का हत्यारा था। उसने पुलिस थाने में बैठकर वीडियो बनाकर बयान जारी कर पुलिस अफसर की हत्या की जिम्मेदारी ली थी, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी।

पेड़ से लटकाया था पुलिस अफसर का शव

मामला 5 अगस्त 2024 का है, जब बांग्लादेश में तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच हिंसा भड़क उठी थी। उसी बीच बानियाचंग पुलिस थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर संतोष चौधरी की भीड़ ने हत्या कर दी। इसमें मुख्य आरोपित अहमद रजा हसन का नाम सामने आया था। पुलिस अफसर की हत्या के बाद शव को पेड़ से लटका दिया गया।

इस घटना के दिन बानियाचंग क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प में 9 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद पूरे इलाके में अराजकता फैल गई थी। इन हिंसक प्रदर्शनों में आगजनी, लूटपाट और हत्याओं की कई घटनाएँ सामने आई थीं। खासकर हिंदू समुदाय को चुन-चुनकर निशाना बनाया गया था।