जिस ‘फर्जी लेटर’ के चलते बरेली में हुआ बवाल, उसे तौकीर के करीबी नदीम ने किया था तैयार: रिमांड पर लेकर पुलिस ने की पूछताछ, पत्र किया बरामद

बरेली पुलिस ने 26 सितंबर को हुए बवाल के मास्टरमाइंड और आईएमसी नेता नदीम खान को जेल से 4 घंटे की रिमांड पर लेकर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने नदीम के घर पर छापेमारी कर वह असली ‘फर्जी लेटर’ बरामद कर लिया है, जिसने शहर का माहौल खराब किया था।

जानकारी के अनुसार, यह वही लेटर है जिसे सोशल मीडिया पर वायरल कर भीड़ को उकसाया गया था। अब पुलिस उन सभी लोगों की तलाश कर रही है जिन्होंने इस साजिश में नदीम का साथ दिया। पुलिस जाँच में सामने आया है कि नदीम खान और उसके साथी नफीस ने मिलकर एक व्यक्ति (लियाकत) के फर्जी हस्ताक्षर कर यह लेटर तैयार किया था। इस लेटर में लिखा गया था कि मौलाना तौकीर ने भीड़ जुटने का फैसला वापस ले लिया है।

इस झूठ को इसलिए फैलाया गया ताकि लोगों में भ्रम पैदा हो और वे उग्र होकर सड़कों पर उतर आएँ। इसी लेटर के कारण जुमे की नमाज के बाद जमकर हिंसा हुई, जिसमें पुलिस के हथियार लूटे गए और कई जवान घायल हुए थे। फिलहाल पुलिस इस फर्जी दस्तावेज के स्रोत और इसे वायरल करने वाले गिरोह की गहन जाँच कर रही है।