‘अब सिर्फ हिंदुओं के लिए होगा काम’: बंगाल नतीजों के बाद सुभेंदु अधिकारी ने किया साफ, बोले- 24 घंटे में खत्म होगी पूरी TMC

बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों ने सबको हिला दिया है। BJP ने 206 सीटें जीतकर बहुमत हासिल कर लिया है, वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद भवानीपुर सीट से शुभेंदु अधिकारी से हार गई हैं। इस बड़ी जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी ने ऐलान किया है कि अगले 24 घंटे में TMC पूरी तरह खत्म हो जाएगी।

ममता बनर्जी को चटाई धूल

भवानीपुर सीट पर बड़ा उलटफेर हुआ है। BJP के शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15,105 वोटों से हरा दिया। शुभेंदु अधिकारी को कुल 73,917 वोट मिले। वहीं नंदीग्राम में भी उन्होंने TMC के उम्मीदवार को करीब 10 हजार वोटों से मात दी है। ममता बनर्जी की इस हार को TMC के अंत की शुरुआत माना जा रहा है।

‘हिंदुओं ने जिताया, उनके लिए करेंगे काम’

जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी के तेवर काफी कड़े दिखे। उन्होंने कहा कि नंदीग्राम के हिंदू मतदाताओं ने उन पर भरोसा जताया है। शुभेंदु के मुताबिक, वहाँ मुस्लिम वोट एकतरफा TMC को गए। उन्होंने साफ लफ्जों में कहा कि वे अब नंदीग्राम के हिंदुओं के हक के लिए काम करेंगे। उनका कहना है कि राष्ट्रवादी जनता ने भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंका है।

शुभेंदु ने TMC पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि टीएमसी बिना विचारधारा वाली पार्टी है। यह सिर्फ भ्रष्टाचार और परिवारवाद पर टिकी है। शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि अगले 24 घंटों में यह पार्टी पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी। उनके मुताबिक, बंगाल की जनता अब इस ‘भ्रष्ट’ ढाँचे को ढोना नहीं चाहती।