बेंगलुरु में देवी की रथयात्रा पर इस्लामी कट्टरपंथियों ने फेकें पत्थर, महिला-बच्ची को सिर में आई चोट: तनाव के बीच भारी पुलिस बल तैनात, हिंदू संगठनों ने किया प्रदर्शन

बेंगलुरु के जे.जे. नगर इलाके में तनाव का माहौल है। दरअसल रविवार (4 जनवरी, 2026) रात को वी.एस. गार्डन के पास स्थानीय ओम शक्ति मंदिर से निकाली जा रही देवी की रथयात्रा पर पथराव किया गया। बताया जा रहा है कि मुस्लिम युवकों ने ये कार्रवाई की है।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना रात करीब 8 बजे हुई जब भक्त ओम शक्ति मंदिर से शुरू हुए जुलूस के हिस्से के तौर पर भगवान का रथ खींच रहे थे। जुलूस के दौरान रथ पर पत्थर फेंके। आरोप है कि दूसरे समुदाय के कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव किया।

पथराव में एक बच्चे और एक युवती के सिर पर चोट लगी। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना से गुस्साए हिन्दू समाज के लोगों ने जगजीवन राम नगर पुलिस थाने के सामने प्रदर्शन किया और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की माँग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटना पहले भी हो चुकी है। जब तक एफआईआर दर्ज नहीं हो जाती, वे लोग धरना प्रदर्शन जारी रखेंगे। इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अब एफआईआर भी अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की गई है। मामले की जाँच जारी है।

पुलिस के मुताबिक आरोपितों की पहचान होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हालात तनावपूर्ण बना हुआ है, हालाँकि नियंत्रण में है। वेस्ट डिवीजन के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस यतीश एन. ने पुलिस स्टेशन जाकर हालात का जायजा लिया। पुलिस ने कहा कि वे CCTV फुटेज की जाँच कर रहे हैं।

अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और घटना के पीछे जो लोग हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।