‘BJP का सच्चा सिपाही हूँ, चुनाव लड़ने नहीं आया’: अटकलों के बीच भोजपुरी पावरस्टार पवन सिंह का आया बयान, साझा की अमित शाह संग तस्वीर

भोजपुरी सुपरस्टार और हाल ही में भाजपा में शामिल हुए पवन सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर चल रही सभी अटकलों को खत्म कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि वह इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे।

शनिवार (11 अक्टूबर 2025) की सुबह पवन सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ अपनी एक तस्वीर साझा की। उन्होंने लिखा, “मैं पवन सिंह अपने भोजपुरीया समाज से बताना चाहता हूँ कि मैं बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी ज्वाइन नहीं किया था और ना हीं मुझे विधानसभा चुनाव लड़ना है।”

पवन सिंह ने आगे कहा कि वह पार्टी के सच्चे सिपाही हैं और हमेशा रहेंगे। पवन सिंह के इस बयान के बाद उन तमाम चर्चाओं पर विराम लग गया है, जिनमें उन्हें भाजपा का संभावित उम्मीदवार बताया जा रहा था। उन्होंने कहा कि वह खुद चुनाव न लड़कर, भाजपा और एनडीए (NDA) प्रत्याशियों के प्रचार में पूरी ताकत से काम करेंगे।