महागठबंधन नहीं, वो अटकदल-लटकदल-भटकदल हैं: बेगूसराय पहुँचकर PM मोदी ने लगाई RJD-कॉन्ग्रेस की क्लास, जनता को समझाया- कैसे ये लोग लूट और भ्रष्टाचार की हैं गैंग

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की रैली में बेगूसराय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (24 अक्टूबर 2025) को महागठबंधन पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने एनडीए को सूझबूझ वाला गठबंधन बताया, जिसमें नीतीश कुमार, जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा, चिराग पासवान जैसे नेता हैं। भाजपा से दिलीप जायसवाल, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा इसे और मजबूत बनाते हैं।

पीएम मोदी ने NDA की दूसरी तरफ खड़े महागठबंधन को लाठियाँ भाँजने वाला बताया। पीएम मोदी ने कहा, “ये लोग कैमरे के आगे कुछ भी बोलते हैं, लेकिन पीछे एक-दूसरे की खाल खींचते हैं। इसमें अटकदल, लटकदल, भटकदल, झटकदल, पटकदल हैं। आरजेडी दो दशक से चुनाव नहीं जीती, फिर भी अहंकार में अटकी है। इसने झारखंड मुक्ति मोर्चा को झटक दिया, कॉन्ग्रेस 35 साल से पिछलग्गू बनी है, फिर भी पटक दी गई। वीआईपी पार्टी को फटका, लेफ्ट पार्टियों को लटकाया।”

पीएम मोदी ने कहा, ये टिकट बेचते हैं, घोटाले करते हैं। आरजेडी का परिवार बिहार का सबसे भ्रष्ट, ज्यादातर जमानत पर बाहर हैं। कॉन्ग्रेस का परिवार देश का सबसे भ्रष्ट, वो भी जमानत पर जी रहे हैं। बिहार ऐसे लोगों पर भरोसा नहीं करता। जंगलराज वालों ने सिर्फ अपने बच्चों का भविष्य बनाया, बिहार के बच्चों की चिंता नहीं। पूरे बिहार में नारा गूँज रहा है- नई रफ्तार से चलेगा बिहार, जब फिर आएगी एनडीए सरकार।