बिहार चुनाव में तेजस्वी यादव राघोपुर से जीते, तेज प्रताप को महुआ सीट से झेलनी पड़ी हार: NDA को मिला प्रचंड बहुमत

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। एनडीए को चुनाव में प्रचंड बहुमत मिला है। बीजेपी-जेडीयू और साथी पार्टियों का प्रदर्शन जोरदार रहा है, जबकि विपक्षी महागठबंधन को करारी मात मिली है। हालाँकि आरजेडी नेता तेजस्वी यादव अपनी राघोपुर सीट कड़े मुकाबले में बचाने में सफल रहे। मतगणना के दौरान आधे से भी अधिक समय तक पीछे रहे तेजस्वी ने बाद में तेजी से बढ़त बनाई।

तेजस्वी यादव ने 32 राउंड तक चली मतगणना में बीजेपी के सतीश कुमार को 14532 वोटों से हराया। तेजस्वी यादव को 1,18,597 वोट मिले, तो विपक्षी बीजेपी उम्मीदवार को 1,04,065 वोट मिले।

फोटो साभार: चुनाव आयोग

तेजस्वी यादव जीत दर्ज करने में सफल रहे, तो उनके बड़े भाई और लालू यादव द्वारा पार्टी से निकाले गए तेज प्रताप यादव तमाम कोशिश करके भी अपनी महुआ सीट बचाने में असफल रहे। तेज प्रताप यादव तीसरे स्थान पर रहे और उन्हें हार झेलना पड़ा।

फोटो साभार: चुनाव आयोग

तेज प्रताप यादव की महुआ सीट पर अब LJP-RV के संजय कुमार सिंह का कब्जा हो गया है। उन्हें 87,641 वोट मिले। दूसरे नंबर पर आरजेडी के मुकेश कुमार रौशन रहे। मुकेश को 42,644 वोट मिले। वहीं, तेज प्रताप यादव को 35,703 वोट मिले और वो तीसरे नंबर पर रहे।