‘मैं राज्यसभा जाना चाह रहा हूँ’: नीतीश कुमार ने X पर जाहिर की अपने मन की इच्छा, समर्थकों के लिए लिखा ‘भावुक’ संदेश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर ट्वीट कर साफ किया कि वे इस बार होने वाले राज्यसभा चुनाव में भाग लेना चाहते हैं। उन्होंने लिखा कि पिछले दो दशक से बिहारवासियों का विश्वास और समर्थन उनके साथ रहा है और उसी भरोसे उन्होंने राज्य और जनता की निष्ठा से सेवा की है।

नीतीश कुमार ने कहा कि संसद के दोनों सदनों का सदस्य बनने की इच्छा उनके मन में हमेशा से रही है। इस बार राज्यसभा का चुनाव इसी क्रम का हिस्सा है। उन्होंने यह भी भरोसा दिया कि जनता के साथ उनका संबंध भविष्य में भी बना रहेगा और वे बिहार के विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।

उन्होंने यह स्पष्ट किया कि नई सरकार बनने पर वे उसका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन देंगे। नीतीश कुमार ने पोस्ट में जनता से ईमानदारी और विश्वास के साथ जुड़े रहने का वादा करते हुए कहा कि उनका संकल्प है कि बिहार का विकास और सम्मान लगातार बढ़ता रहेगा।