बिहार के सीएम नीतीश कुमार की सुरक्षा बढ़ाई गई है। अब एसएसजी के सुरक्षा घेरे को पहले से ज्यादा सख्त किया गया है ताकि कोई भी सीएम के नजदीक नहीं आ सके। दरअसल हिजाब विवाद के बाद सोशल मीडिया पर सीएम नीतीश कुमार को धमकी मिली है। साथ ही खुफिया इनपुट को ध्यान में रखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। डीजीपी और एडीजी ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की इसके बाद ये बदलाव किए गये हैं।
अब सीएम नीतीश के बेहद करीब वैसे लोग ही जाएँगे, जो हाई प्रोफाइल हैं या जिनका करीबी रिश्ता है। उनके कार्यक्रमों, आवास और मूवमेंट के दौरान खास तौर पर सुरक्षा चाक चौबंद रहेंगे।
दौरे के दौरान इलाके के एसएसपी और एसपी खास तौर पर सतर्क रहेंगे। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। खुफिया विभाग के इनपुट को देखते हुए बिहार का प्रशासनिक महकमा पूरी तरह मुस्तैद है। सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जमीनी स्तर से सोशल मीडिया तक पर निगरानी कड़ी कर दी गई है।
बिहार में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नवनियुक्त डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र बाँट रहे थे। इसी दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसे RJD ने भी शेयर किया था।
वीडियो में दिख रहा था कि नीतीश कुमार एक मुस्लिम महिला डॉक्टर से बात करते हुए उनका हिजाब पकड़कर खींच रहे हैं। इस घटना को लेकर बिहार की राजनीति में पहले ही काफी हंगामा मचा हुआ है।

