22 उड़ानें रद्द, चुनाव रैलियाँ ठप्प, मंचो पर सन्नाटा: बिहार चुनाव प्रचार दिखा मोंथा चक्रवात का असर, पार्टियाँ वर्चुअल सभाएँ करने को मजबूर

मोंथा तूफान ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रचार अभियान की रफ्तार को धीमा कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से हो रही तेज बारिश, हवाओं और घटती दृश्यता के कारण नेताओं की चुनावी उड़ानें रुक गई हैं। सुरक्षा कारणों से बीते तीन दिनों में 22 हेलीकॉप्टर उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जिससे कई जिलों में तय सभाएँ और जनसंपर्क कार्यक्रम ठप हो गए।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पटना, भागलपुर, दरभंगा, सहरसा, मुजफ्फरपुर और बक्सर जैसे इलाकों में जहाँ बड़े-बड़े मंच और सभाओं की तैयारियाँ पूरी थीं, वहीं बारिश ने पूरा माहौल बदल दिया। मौसम विभाग के मुताबिक, पटना में दृश्यता लगभग 2000 मीटर तक सिमट गई और हवा की गति बेहद धीमी रही, जिससे उड़ान भरना सुरक्षित नहीं था।

इन हालातों में सुरक्षा एजेंसियों ने किसी भी तरह की हवाई रैली को मंजूरी नहीं दी। परिणामस्वरूप BJP, JDU, RJD, कॉन्ग्रेस, लोजपा और VIP जैसी सभी पार्टियों को अपने प्रचार कार्यक्रमों में बदलाव करना पड़ा। कई जगह जनता नेताओं का इंतजार करती रह गई, पर रैलियाँ रद्द करनी पड़ीं।

अब चुनावी रणनीति का रुख डिजिटल माध्यमों की ओर मुड़ गया है। नेताओं और पार्टियों ने वर्चुअल सभाएँ, फेसबुक लाइव, एक्स, स्पेसेज और यूट्यूब के जरिए मतदाताओं तक पहुँचने की कोशिशें शुरू कर दी हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर मौसम की यह स्थिति कुछ दिन और बनी रही, तो इसका सीधा असर शुरुआती चरण के मतदान वाले इलाकों पर देखने को मिल सकता है।