बिहार के सरकारी स्कूल में मिला 7 किलो मांस, अभिभावक बोले- बच्चों को मिड-डे मील में खिलाते थे गो-मांस: 5 मुस्लिम टीचर सस्पेंड

बिहार के रोहतास जिले के रामूडीह गाँव स्थित उत्क्रमित उर्दू मध्य विद्यालय में स्कूल के एक कमरे से 7 किलो से ज्यादा मांस बरामद हुआ जिसके बाद वहाँ हड़कंप मच गया। यह मांस 4 काले रंग की प्लास्टिक थैलियों में रखा हुआ था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि यह गोमांस है और इसे मिड-डे मील के नाम पर बच्चों को परोसा जाता था। इस मामले के सामने आने के बाद 5 मुस्लिम शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मामला बुधवार (22 अप्रैल 2026) सुबह का ही है। गाँव के रहने वाले रमेश अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने पहुँचे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि कुछ बच्चे नाक-मुँह ढककर क्लासरूम से बाहर निकल रहे हैं। पूछने पर बच्चों ने बताया कि कमरे से तेज बदबू आ रही है। इसके बाद रमेश और अन्य अभिभावक जब कमरे के पास पहुँचे तो उन्होंने कोने में रखी 4 प्लास्टिक की थैलियों को देखा जिनमें मांस भरा हुआ था।

मामले की जानकारी मिलते ही स्कूल में हंगामा शुरू हो गया और देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण वहाँ जमा हो गए। लोगों ने आशंका जताई कि इस मांस का इस्तेमाल बच्चों के मिड-डे मील में किया जा सकता था। हालाँकि, अभी तक गो-मांस मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना पर प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए प्रिंसिपल अख्तर अली समेत कुल 5 मुस्लिम शिक्षक मोहम्मद ईमान, अनवर खान, सूफिया खातून और हिना कौसर को निलंबित कर दिया है।

दरअसल, इस स्कूल में कुल 200 छात्र पढ़ते हैं, जिनमें 125 हिंदू और 75 मुस्लिम बच्चे शामिल हैं। यहाँ कुल 7 शिक्षक कार्यरत हैं। अभिभावकों ने प्रिंसिपल मोहम्मद अनवर समेत 5 शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 2 महिला शिक्षकों समेत कुल 5 शिक्षकों को निलंबित कर दिया है जबकि 2 हिंदू शिक्षकों को डेपुटेशन पर दूसरे स्कूल भेज दिया गया है।