बिहार के सीमावर्ती जिले मधुबनी में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। अंतरराष्ट्रीय जाली नोट नेटवर्क के शातिर अपराधी अबुल इनाम उर्फ लादेन को पुलिस और SSB ने एक जॉइंट ऑपरेशन में दबोच लिया है।
लादेन पिछले एक साल से फरार चल रहा था। उसे मंगलवार (17 फरवरी 2026) सुबह नगर थाना क्षेत्र के कोतवाली चौक स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया। खुफिया एजेंसियाँ अब उसके मोबाइल और बैंक खातों की जाँच कर रही हैं ताकि उसके पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
अबुल इनाम पर केवल जाली नोट चलाने का ही नहीं, बल्कि एक पाकिस्तानी नागरिक मोहम्मद मस्तान को सुरक्षित नेपाल के रास्ते भगाने का भी गंभीर आरोप है। मस्तान पाकिस्तान में छपे जाली नोटों को बिहार के जिलों में बाँटता था।
पुलिस के मुताबिक, लादेन इस गैंग का मुख्य लोकल ऑपरेटर था। वह सीमा पार से आने वाले संदिग्धों को पनाह और रास्ता मुहैया कराता था। सुरक्षा एजेंसियों को उसके पास से कुछ संदिग्ध तस्वीरें भी मिली हैं, जिसके बाद उसके आतंकी संगठनों से संबंधों की भी गहराई से जाँच की जा रही है।

