शहबाज ने ‘समीर राज’ बनकर बंगाल की महिला को प्रेम जाल में फँसाया, नशीला पदार्थ देकर रेप किया: मुजफ्फरपुर में लव जिहादी गिरफ्तार

बिहार के मुजफ्फरपुर से ‘लव जिहाद’ और दरिंदगी की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक मुस्लिम युवक ने फेसबुक पर हिंदू नाम से फर्जी आईडी बनाकर पश्चिम बंगाल की एक शादीशुदा महिला को अपने जाल में फँसाया और फिर मुजफ्फरपुर बुलाकर उसके साथ रेप किया।

आरोपित की पहचान शहबाज के रूप में हुई है, जिसने खुद को ‘समीर राज’ बताकर महिला से दोस्ती की थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित शहबाज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि पीड़ित महिला का इलाज फिलहाल SKMCH अस्पताल में चल रहा है।

फेसबुक पर ‘समीर’ बनकर शुरू हुआ धोखा

पीड़िता पश्चिम बंगाल के नदिया जिले की रहने वाली है और उसका एक 8 साल का बेटा भी है। उसने पुलिस को बताया कि फेसबुक पर उसकी दोस्ती ‘समीर राज’ नाम के युवक से हुई थी। समीर ने उसे अपनी मीठी बातों में फँसा लिया।

14 फरवरी को महिला अपने बेटे के साथ मुजफ्फरपुर स्टेशन पहुँची, जहाँ समीर (शहबाज) उसे अपनी गाड़ी से लेने आया। महिला ने जब उसके घर जाने की जिद की, तो वह उसे बहाने बनाकर शहर में घुमाता रहा।

बच्चे को अलग कर महिला के साथ की हैवानियत

आरोपित की नीयत खराब थी। उसने चालाकी से महिला के 8 साल के बेटे को अपने ड्राइवर के पास छोड़ दिया और महिला को जबरन गाड़ी में लेकर घूमता रहा। महिला का आरोप है कि इस दौरान उसके साथ गलत काम किया गया।

हद तो तब हो गई जब आरोपित ने उसे एक कमरे में बंधक बना लिया। इसी बीच, ड्राइवर ने महिला को सच बताकर हैरान कर दिया कि जिसे वह समीर समझ रही है, उसका असली नाम शहबाज है और वह पहले से शादीशुदा है।

पति से माँगे पैसे और बेहोशी की हालत में छोड़ा

शहबाज ने न केवल महिला की अस्मत लूटी, बल्कि उसके पति को फोन कर 10 हजार रुपए की फिरौती भी मँगवाई। महिला को नशीला पदार्थ दिया गया था, जिससे वह बेहोश हो गई। जब उसे होश आया, तो वह अपने बच्चे के साथ एक निजी अस्पताल में थी, जहाँ से उसे बेहतर इलाज के लिए SKMCH भेजा गया। महिला के पति भी सूचना पाकर मुजफ्फरपुर पहुँच चुके हैं।

आरोपित की गिरफ्तारी

सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि 17 फरवरी को अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। महिला के बयान के आधार पर छापेमारी की गई और आरोपित शहबाज को बखरी इलाके से धर दबोचा गया। पुलिस ने साफ किया कि यह मामला प्रेम-प्रसंग के नाम पर दिए गए धोखे और यौन शोषण का है। आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है और मामले की आगे की जाँच जारी है।