भाजपा के जिस नेता ने पूर्व PM मनमोहन सिंह को दी थी चुनावों में मात, 94 साल की उम्र में उनका निधन: जानें कौन थे विजय कुमार मल्होत्रा, दिल्ली में जिन्हें BJP ने बनाया था पहला अध्यक्ष

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता प्रो विजय कुमार मल्होत्रा का 94 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह लंबे समय से दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती थे। उनका जाना दिल्ली बीजेपी और भारतीय राजनीति के लिए बड़ी क्षति है।

जानकारी के अनुसार, प्रो विजय कुमार मल्होत्रा का जन्म 1931 में लाहौर में हुआ था। वह राजनीति के अलावा शिक्षाविद और खेल प्रशासक भी थे। प्रो विजय कुमार मल्होत्रा को दिल्ली बीजेपी के प्रथम अध्यक्ष के रूप में जाना जाता है। प्रो विजय कुमार मल्होत्रा ने दिल्ली से 5 बार सांसद और 2 बार विधायक के रूप में सेवा दी।

प्रो विजय कुमार मल्होत्रा की सबसे बड़ी राजनीतिक उपलब्धि 1999 के आम चुनाव में सामने आई। तब प्रो विजय कुमार मल्होत्रा ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को भारी मतों से हराया था। प्रधानमंत्री ने निधन से ठीक एक दिन पहले उनके राजनीतिक योगदान का उल्लेख किया था। प्रो मल्होत्रा का साफ-सुथरा राजनीतिक करियर आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा।