मुंबई BMC में बीजेपी ने रचा इतिहास, रितु तावड़े पहली महिला मेयर: शिंदे गुट के संजय घाड़ी को मिला डिप्टी मेयर पद

मुंबई की बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) को आखिरकार नई मेयर और डिप्टी मेयर मिल गए हैं। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ कॉर्पोरेटर रितु तावड़े को BMC का नया मेयर चुना गया है, जबकि शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के संजय शंकर घाड़ी डिप्टी मेयर का पद संभालेंगे।

उद्धव ठाकरे गुट द्वारा उम्मीदवार न उतारने के चलते रितु तावड़े का निर्विरोध चुना गया है, जिससे बुधवार (11 फरवरी 2026) को होने वाला चुनाव महज औपचारिकता बन गया। 15 जनवरी 2026 को हुए नगर निगम चुनावों में बीजेपी ने BMC की 89 सीटें जीतीं, जबकि शिवसेना को 29 सीटें मिलीं।

गठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा पार कर नगर निकाय पर जीत हासिल की। 22 जनवरी को हुई लॉटरी में यह तय हुआ कि अगला मेयर सामान्य वर्ग की महिला होगी, जिसके बाद रितु तावड़े का नाम सामने आया।

रितु तावड़े तीन बार की कॉर्पोरेटर रह चुकी हैं। उन्होंने 2012 में वार्ड नंबर 127 से, 2017 में वार्ड नंबर 121 से और 2025 में वार्ड नंबर 132 से चुनाव जीतकर अपनी मजबूत पकड़ साबित की है। वह BMC की शिक्षा समिति की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं और वर्तमान में महाराष्ट्र प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष हैं।