गाजियाबाद में अवैध मजार पर चला बुलडोजर, नोटिस और कानूनी प्रक्रिया के बाद प्रशासन ने किया समतल

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लोनी स्थित ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र में रविवार (28 जून 2026) को प्रशासन ने सरकारी जमीन पर बने एक अवैध मजार को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तथा पीएसी की तैनाती की गई।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह भूमि यूपीसीडा के अधिकार क्षेत्र में आती है और जाँच के दौरान संबंधित निर्माण राजस्व अभिलेखों में दर्ज नहीं पाया गया। अधिकारियों का कहना है कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और नोटिस जारी करने के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संबंधित पक्ष को पहले ही स्थल खाली करने का निर्देश दिया गया था। पीर बाबा के नाम से पहचाने जाने वाले इस ढाँचे की शुरुआत वर्षों पहले एक छोटे चबूतरे के रूप में हुई थी, जिसके बाद धीरे-धीरे इसे गुंबदनुमा ढाँचे का रूप दे दिया गया।

प्रशासन का दावा है कि यह निर्माण ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में किया गया था, जहाँ निर्धारित उपयोग के अलावा किसी अन्य प्रकार की गतिविधि की अनुमति नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि अभियान शांतिपूर्ण ढंग से पूरा हुआ और भविष्य में भी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।