‘केंद्रीय बल 4 मई को चले जाएँगे, तुम्हें यहीं रहना है’: ममता बनर्जी ने बंगाल के पुलिस कर्मियों को धमकाया, कहा- सबके परिवार की भी जानकारी है

पश्चिम बंगाल में चल रहे चुनावी माहौल के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य के पुलिसकर्मियों को धमकाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस को अपनी जिम्मेदारी याद रखनी चाहिए क्योंकि चुनाव के लिए तैनात केंद्रीय बल हमेशा नहीं रहेंगे।

एक सार्वजनिक कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने पुलिसकर्मियों को साफ संदेश दिया कि 4 मई के बाद चुनाव के लिए आए केंद्रीय बल वापस चले जाएँगे लेकिन राज्य पुलिस को बंगाल में ही रहना होगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन को सभी अधिकारियों और उनके परिवारों की जानकारी है और चुनाव के बाद उनकी जवाबदेही तय की जाएगी।

उन्होंने कहा, “मैं यह नहीं कह रही कि आप TMC की मदद करें लेकिन आपको सिर्फ बंगाल के लोगों के बारे में सोचकर निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए। हम आपके और आपके परिवार का खयाल रखेंगे।”

मुख्यमंत्री ने चुनाव के दौरान पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस को निष्पक्ष रहना चाहिए लेकिन वह केंद्रीय बलों के साथ मिलकर काम कर रही है जिससे चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। उनके ये बयान ऐसे समय में आए हैं जब राज्य में पहले से ही राजनीतिक तनाव और झड़पें देखने को मिल रही हैं।

उन्होंने BJP और केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा और पूछा कि क्या वे तय करेंगे कि बंगाल कैसे चलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र को पहले अपने क्षेत्रों की समस्याओं को संभालना चाहिए और उसके बाद ही बंगाल पर सवाल उठाने चाहिए।

पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहाँ पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई जबकि बंगाल में बड़ी संख्या में केंद्रीय बल भेजे गए हैं। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा, “आपने यहाँ 2 लाख केंद्रीय बल भेज दिए लेकिन पहलगाम में ऐसा नहीं कर सके। आपको यहाँ नहीं, दिल्ली पर ध्यान देना चाहिए।”

चुनाव में अपनी पार्टी के प्रदर्शन को लेकर उन्होंने भरोसा जताया और कहा कि पहले चरण के मतदान में उनकी पार्टी 100 सीटों का आँकड़ा पार कर चुकी है। उन्होंने कहा कि आने वाले चरणों में भी यही रफ्तार बनी रहेगी और यही वजह है कि विपक्ष घबराया हुआ है।