आंध्र प्रदेश में तिरुपति मंदिर के लड्डू प्रसाद में मिलावट को लेकर मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने पूर्व मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी और उनकी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सीएम नायडू का कहना है कि जगन मोहन के कार्यकाल में भगवान वेंकटेश्वर स्वामी को अर्पित किए जाने वाले लड्डू के लिए इस्तेमाल होने वाले घी में बाथरूम की सफाई में प्रयोग होने वाले केमिकल मिलाए गए।
कर्नूल जिले में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान नायडू ने कहा कि यह कृत्य न केवल आस्था से खिलवाड़ है बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करने वाला भी है। नायडू ने दावा किया कि जाँच एजेंसियों की चार्जशीट में यह सामने आया है कि घी में प्लांट ऑयल और खतरनाक औद्योगिक केमिकल्स की मिलावट की गई थी।
उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व TTD अध्यक्ष वाईवी सुब्बा रेड्डी ने स्वयं मिलावट की बात स्वीकार की है। मुख्यमंत्री के अनुसार, उनकी सरकार ने सत्ता में आने के बाद व्यवस्था को सुधारने के लिए कदम उठाए हैं और इससे अब प्रसाद की गुणवत्ता में सुधार हुआ है।
वहीं, YSR कॉन्ग्रेस पार्टी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह सब राजनीतिक लाभ के लिए फैलाया जा रहा झूठा प्रचार है। जगन मोहन रेड्डी ने कहा कि CBI की रिपोर्ट में कहीं भी पशु वसा की पुष्टि नहीं हुई है और उनकी पार्टी के किसी नेता का नाम चार्जशीट में नहीं है।

