हमारा गाँव छोड़ दो… नहीं माना तो ग्रामीणों ने चप्पलों से की पादरी की पिटाई, ओडिशा से आकर छत्तीसगढ़ में लोगों को ईसाई बनाने में लगा था, Video

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले स्थित रेटावंड गाँव में ईसाई धर्मांतरण को लेकर गाँववालों ने पादरी की जमकर पिटाई की। सामने आई पिटाई की वीडियो में दिखा कि लोगों ने पादरी की शर्ट तक फाड़ दी। महिलाएँ और पुरुष मिलकर पादरी को लात-घूँसों और चप्पलों से पीट रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गाँववालों का कहना है कि ओडिशा से ताल्लुक रखने वाला पादरी काफी समय से गाँव में रह रहा था और वह लोगों को धर्म बदलने के लिए उकसा रहा था। इसको लेकर रविवार (26 अप्रैल 2026) को गाँव में बैठक भी बुलाई गई, जिसमें पादरी को परिवार के साथ गाँव छोड़ने के लिए बोला गया। लेकिन उसने विरोध किया तो गाँववालों का गुस्सा फूटा और उन्होंने पादरी को पीट दिया।

सूचना पर मौके पर पहुँची पुलिस ने मामले को शांत करवाया। इस मामले में पादरी ने पुलिस थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है। हालाँकि, गाँववालों की अब भी माँग है कि पादरी जल्द से जल्द गाँव छोड़ दे, जिस पर पुलिस ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह गाँव छोड़ देगा।