IT पार्क में लैपटॉप लेकर जाओ, हर तकनीक का लाभ उठाओ: गोरखपुर में CM योगी ने किया उद्घाटन; LPG पर बोले- पहले की तरह मिलते रहेंगे सिलेंडर, अफवाहों पर ध्यान ना दें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार (26 मार्च 2026) को गोरखपुर के सहजनवा (गीडा) में 3.5 एकड़ में बने अत्याधुनिक IT पार्क का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने दुनिया में चल रहे युद्ध और देश की आंतरिक व्यवस्था पर बड़ी बात कही।

CM योगी ने कहा कि अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर हर व्यक्ति पर पड़ सकता है, लेकिन हमें घबराना नहीं है। उन्होंने जनता से अपील की कि संकट की स्थिति में सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना ही सच्ची राष्ट्रभक्ति है।

रविकिशन की चुटकी और विकास का हिसाब

कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी का मजाकिया अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने सांसद रविकिशन पर चुटकी लेते हुए कहा, “अगर मिडिल ईस्ट में युद्ध न हो रहा होता, तो रविकिशन इस वक्त दुबई में होते। वहाँ हालात ठीक नहीं हैं, तो उन्होंने सोचा कि चलो सहजनवा ही चलते हैं।”

वहीं, सांसद रविकिशन ने भी युवाओं से अपील कर कहा, “यहाँ से पढ़कर डॉलर कमाने अमेरिका-लंदन चले जाओ। यह नहीं होना चाहिए। मोदी जी भी ये नहीं चाहते। वो चाहते हैं कि देश का टैलेंट देश में ही रहे।” सांसद रविकिशन ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि जहाँ पहले कब्रिस्तान बनने की बात होती थी, आज वहाँ गीडा (GIDA) में रामराज्य स्थापित है।

विकास के मुद्दे पर CM योगी ने बताया कि गोरखपुर में पिछले 9-10 सालों में 1 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का निवेश हुआ है। यहाँ एम्स, फर्टिलाइजर प्लांट और 350 से अधिक नए उद्योग लगे हैं, जिससे लाखों युवाओं के लिए रोजगार के रास्ते खुले हैं।

गैस और तेल के लिए लाइन न लगाएँ

रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाहों पर लगाम लगाते हुए CM योगी ने कहा, “किसी को लाइन लगाने की जरूरत नहीं है। सिलेंडर खत्म होने से पहले ही बुकिंग के लिए न दौड़ें। जैसे पहले सप्लाई होती थी, वैसे ही अब भी होगी।”

CM योगी ने चेतावनी दी कि कुछ लोग अव्यवस्था फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, ऐसे में बेवजह डीजल-पेट्रोल का स्टॉक करना हमारी राष्ट्रभक्ति पर संदेह पैदा करता है।

IT पार्क और भविष्य की तकनीक

आईटी पार्क की खूबियों पर चर्चा करते हुए CM योगी ने कहा कि अब पूर्वांचल का युवा सॉफ्टवेयर के क्षेत्र में ग्लोबल मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाएगा। 15 अप्रैल से पूर्वी यूपी का पहला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस शुरू होगा।

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 50 करोड़ की लागत से ग्रीन हाइड्रोजन सेंटर बनेगा, ताकि हम ऊर्जा के लिए दूसरे देशों पर निर्भर न रहें। IT पार्क में स्टार्टअप चलाने वालों को सिर्फ अपना कंप्यूटर लेकर जाना होगा, बाकी सभी सुविधाएँ वहाँ पहले से मौजूद मिलेंगी।