दिल्ली में बच्चों के भविष्य को सुरक्षित और सिस्टम को जवाबदेह बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। जानकारी के अनुसार, बाल कल्याण को अधिक प्रभावी और सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘जुवेनाइल जस्टिस मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन पोर्टल’ का आधिकारिक शुभारंभ कर दिया गया है।
CM रेखा गुप्ता ने निर्मल छाया कॉम्प्लेक्स का दौरा करने के दौरान इस डिजिटल पोर्टल की शुरुआत की। इस पोर्टल के आने से अब बच्चों से जुड़े मामलों की निगरानी और प्रबंधन में पारदर्शिता आएगी, जिससे किसी भी तरह की लापरवाही की गुंजाइश खत्म होगी।
निर्मल छाया कॉम्प्लेक्स का दौरा कर महिलाओं और बच्चों के लिए हो रहे सशक्त प्रयासों को करीब से देखा।
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) March 17, 2026
महिला हाट, समर्थ आंगनवाड़ी और संकल्प हब में कार्यरत बहनों की मेहनत, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता प्रेरणादायक है। बच्चों से संवाद कर उन्हें स्कूल बैग और आवश्यक सामग्री दी, वहीं… pic.twitter.com/Z3QCLcrRzj
निर्मल छाया कॉम्प्लेक्स में बच्चों और माताओं को मिली सौगात
दौरे के दौरान CM रेखा गुप्ता ने महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण के लिए चल रहे जमीनी प्रयासों को करीब से देखा। उन्होंने वहाँ मौजूद बच्चों से सीधा संवाद किया और उन्हें स्कूल बैग व पढ़ाई-लिखाई की जरूरी सामग्री बाँटी। इसके साथ ही, माताओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए उन्हें ‘स्वास्थ्य किट’ भी वितरित किए गए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य हर बच्चे को आत्मविश्वास के साथ उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ाना है।
हर माँ सशक्त और हर बच्चा सुरक्षित का संकल्प
इस खास अवसर पर आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के समर्पण और सेवा भावना की जमकर सराहना की गई। उनके काम के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उन्हें प्रोत्साहन राशि भी दी गई। CM रेखा गुप्ता ने कहा कि महिला हाट, समर्थ आँगनवाड़ी और संकल्प हब में काम कर रही बहनों की मेहनत और आत्मनिर्भरता पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।
पोर्टल के शुभारंभ के साथ ही सरकार ने अपना संकल्प दोहराया कि ‘हर माँ सशक्त हो और हर बच्चा सुरक्षित व स्वस्थ रहे।’ जुवेनाइल जस्टिस मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन पोर्टल के जरिए अब बाल सुधार और संरक्षण की पूरी प्रक्रिया को डिजिटल ट्रैक किया जा सकेगा। यह पोर्टल न केवल डेटा को सुरक्षित रखेगा, बल्कि बच्चों के पुनर्वास और उनकी शिक्षा की निगरानी को भी आसान बनाएगा।
क्या है जुवेनाइल जस्टिस मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन पोर्टल?
यह एक विशेष डिजिटल प्लेटफॉर्म है जिसे किशोर न्याय (Juvenile Justice) प्रणाली में सुधार के लिए बनाया गया है। इसके जरिए बाल देखभाल संस्थानों, बच्चों के कानूनी मामलों और उनके कल्याणकारी कार्यक्रमों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग हो सकेगी। सरल भाषा में कहें तो, अब बच्चों के हक और उनकी सुरक्षा से जुड़ी हर जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध होगी, जिससे सिस्टम में भ्रष्टाचार या देरी की संभावना खत्म हो जाएगी।

