मंदिर, मस्जिद, चर्च, स्कूल-कॉलेज, बस स्टैंड के पास अब नहीं चलेगा ठेका, तमिलनाडु के CM विजय ने 14 दिनों में 717 शराब दुकानों को बंद करने का दिया आदेश

तमिलनाडु में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के 2 दिन बाद ही जोसेफ विजय ने मंगलवार (12 मई 2026) को अहम फैसला लिया। इस फैसले में उन्होंने में राज्य में चल रही उन 717 दारू की दुकानें बंद काने के आदेश दिए जो धार्मिक स्थल, शैक्षणिक संस्थान और बस स्टैंड के नजदीक हैं।

ये सभी दुकानें तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन (Tasmac) के तहत संचालित होती हैं। सरकार ने कहा कि दो हफ्तों के भीतर 500 मीटर के दायरे में आने वाली इन दुकानों को बंद किया जाए।

जानकारी के अनुसार, तमिलनाडु में फिलहाल कुल 4,765 टास्मैक दुकानें हैं। इनमें से 276 दुकानें धार्मिक स्थलों के पास, 186 शिक्षण संस्थानों के पास और 255 बस स्टैंड के आसपास स्थित हैं। सरकार का कहना है कि यह फैसला सामाजिक सुधार की दिशा में लिया गया है।

बता दें कि 51 वर्षीय विजय ने 10 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनकी पार्टी TVK ने कॉन्ग्रेस, वाम दलों, वीसीके और मुस्लिम लीग के समर्थन से राज्य में सरकार बनाई। इसके बाद सीएम विजय ने घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने की मंजूरी दी। साथ ही साथ महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बल और हर जिले में एंटी-ड्रग यूनिट बनाने का फैसला भी लिया।